हिमाचल के समरहिल में प्रो. मानसी सहित 11 शव बरामद

Published On

शिमला (सच कहूँ न्यूज)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जहां पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा है। वहीं हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समरहिल में भूस्खलन (Landslide) से तबाह हुए शिव बावड़ी मंदिर के मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए अभियान चल रहा है। पुलिस, प्रशासन तथा स्थानीय लोगों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा प्रक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं। दूसरे दिन आज तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं। इनमें दो शव महिला और एक पुरुष का है। मृतक महिलाओं की पहचान प्रोफेसर मानसी और रेखा के तौर पर हुई है। Himachal Landslide

काल की ग्रास बनी मानसी हिमाचल विश्वविद्यालय में गणित की प्रोफेसर थी। मानसी सिरमौर जिला के पांवटा साहिब की मूल निवासी थी। हिमाचल विश्वविद्यालय से पहले वह कॉलेज कैडर में नाहन कॉलेज में तैनात रही।

दर्दनाक बात यह है कि मानसी के पति हरीश वर्मा की भी भूस्खलन में मौत हुई है। हरीश का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया था। ये दम्पति समरहिल के एमआई रूम में रह रही थी। सोमवार को जल चढ़ाने के लिए दम्पति मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान भूस्खलन की चपेट में आ गए। राहत एवं बचाव कर्मियों ने आज एक अन्य महिला रेखा का भी शव बरामद किया है। बिलासपुर निवासी रेखा के पति पीएल शर्मा भी हिमाचल यूनिवर्सिटी में गणित के प्रोफेसर हैं। वह गणित के विभागाध्यक्ष भी हैं।रेखा का पति और पुत्र भी हादसे में लापता हैं। इस हादसे में हिमाचल विश्वविद्यालय से दो प्रोफेसर छीन लिए हैं। घटनास्थल से बरामद एक पुरुष के शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।

करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग अभी भी लापता | Himachal Landslide

शिमला के उपायुक्त आदित्य नेगी ने बताया कि अब तक 11 शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। सोमवार को आठ शव बरामद किए गए थे। देर शाम घटनास्थल पर फ्लड आने से रेस्क्यू आॅपरेशन रोकना पड़ा था। आज बारिश न होने से रेस्क्यू आॅपरेशन में तेजी आई है। करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। ये हादसे के वक्त मंदिर में मौजूद थे।

गौरतलब है कि गत सोमवार की सुबह करीब सवा सात बजे भूस्खलन और बाढ़ की चपेट में आने से शिव बावड़ी मंदिर ध्वस्त हो गया था। भूस्खलन इतना खौफनाक था कि मंदिर का नामो-निशान ही मिट गया। मंदिर में मौजूद दो दर्जन से अधिक लोगों को बच निकलने का समय तक नहीं मिला। भूस्खलन के बाद घटनास्थल पर तबाही का मंजर देखा गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया था। Himachal Landslide

इस भयानक हादसे ने दो मासूम बच्चियों सहित सात लोगों के एक परिवार को मौत की नींद सुला दिया। अन्य मृतकों की शिनाख्त संतोष (58) पत्नी पवन, अमन (34) पुत्र पवन, शेयशा (4) पुत्री अमन, सुयशा (2) पुत्री अमन, किरण (55) पत्नी प्रदीप, संजय ठाकुर (48) पुत्र मोहन सिंह, अमित ठाकुर (48) और हरीश वर्मा (43) के तौर पर हुई है। करीब 150 साल पुराना यह मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। श्रावण के महीने में मंदिर में शिव भक्तों का तांता लगा रहता था। पिछले कल सोमवार का दिन होने के चलते मंदिर में हवन यज्ञ और खीर के प्रसाद की तैयारी चल रही थी। इससे पहले भूस्खलन ने मंदिर को ध्वस्त कर दिया।

यह भी पढ़ें:– 2000 Note Exchange: आखिर खुल ही गई 2000 के नोटों की पोल!

About The Author

Related Posts