इजरायल-लेबनान ने तीन दशक बाद की सीधी बातचीत

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

वाशिंगटन (एजेंसी)। लेबनान और इजरायल ने तीन दशकों से अधिक समय के बाद अपनी पहली राजनयिक वार्ता की है, जो इजरायल और ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह समूह के बीच लड़ाई को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई एक दुर्लभ मुलाकात है। यह जानकारी बुधवार को बीबीसी ने दी। इस वार्ता की मध्यस्थता अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने की जिन्होंने कहा कि हिजबुल्लाह के प्रभाव को समाप्त करने का यह एक ऐतिहासिक अवसर था। अमेरिका ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्ष एक निश्चित समय और स्थान पर सीधी बातचीत शुरू करने पर सहमत हुए हैं। इजरायल ने कहा कि वह सभी गैर-सरकारी आतंकवादी समूहों को निरस्त्र करना चाहता है जिसका मतलब हिज्बुल्लाह से है। लेबनान ने युद्धविराम और मानवीय संकट से निपटने के उपायों की मांग की। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं और उनके बीच आखिरी सीधी उच्च स्तरीय वार्ता 1993 में हुई थी।

ईरान में अमेरिकी-इजरायली हमलों के कुछ ही दिनों बाद, दो मार्च को लेबनान में इजरायली सैन्य अभियान शुरू होने के बाद से 2,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। मंगलवार को वाशिंगटन में दोनों पक्षों की बैठक के दौरान हिज्बुल्लाह ने लेबनान में इजरायल और इजरायली सैनिकों पर कम से कम 24 हमलों की जिम्मेदारी ली। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने वार्ता के बाद एक बयान में कहा कि इजरायल और लेबनान दोनों हिजबुल्लाह के प्रभाव को कम करने की दिशा में काम करने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि लेबनानी पक्ष ने देश में “गंभीर मानवीय संकट से निपटने और उसे कम करने के लिए युद्धविराम और ठोस उपायों” की भी मांग की। हालांकि उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका ने हिजबुल्लाह के हमलों से खुद की रक्षा करने के इजरायल के अधिकार के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया है। बैठक से पहले पत्रकारों से बात करते हुए श्री रूबियो ने कहा कि यह बैठक एक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा, “इसमें समय लगेगा, लेकिन हमें विश्वास है कि यह प्रयास सार्थक होगा। यह एक ऐतिहासिक सम्मेलन है जिस पर हम आगे बढ़ना चाहते हैं।”

एक बयान में, लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वार्ता “सामान्य रूप से लेबनानी लोगों और विशेष रूप से दक्षिण में रहने वाले लोगों की पीड़ा के अंत की शुरूआत का प्रतीक होगी”। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष का एकमात्र समाधान यही होगा कि लेबनानी सशस्त्र बलों को क्षेत्र की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी सौंपी जाए। उल्लेखनीय है कि हिजबुल्लाह का सामना करने की लेबनानी सरकार की क्षमता सीमित है। हालांकि वार्ता से पहले, हिज्बुल्लाह के एक वरिष्ठ सदस्य ने एपी समाचार एजेंसी से कहा कि वह वाशिंगटन में हुए किसी भी समझौते का पालन नहीं करेगा। हिज्बुल्लाह की राजनीतिक परिषद के सदस्य वाफिक सफा ने कहा कि हम उनके द्वारा सहमत किसी भी बात से बंधे नहीं हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने बीबीसी से कहा कि इस्लामाबाद में ईरान के साथ वार्ता की पुष्टि होने से एक महीने पहले ही इजरायल-लेबनान वार्ता की योजना बनाई गई थी।

About The Author

Related Posts