जम्मू-कश्मीर को लेकर सियासी हलचल तेज

Published On

24 जून को पीएम मोदी ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

श्रीनगर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर फिर सियासी हलचल तेज होती दिख रही है। इसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 जून को जम्मू-कश्मीर के सभी सियासी दलों की मीटिंग बुलाई है। मीटिंग में गृह मंत्री अमित शाह समेत केन्द्र के बड़े नेताओं के शामिल होने के आसार हैं। वहीं इस दौरान जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने को लेकर भी विचार-विमर्श की संभावना जताई जा रही है। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और दो केन्द्र शासित प्रदेशों में बांटने के करीब दो साल बाद जम्मू-कश्मीर में सियासी गतिरोध खत्म करने के लिए केन्द्र के इस कदम को बड़ी पहल माना जा रहा है। मीटिंग में जम्मू और कश्मीर दोनों ही क्षेत्रों के नेताओं को न्यौता दिया गया है। मीटिंग में 16 दलों को बुलाए जाने के आसार हैं।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, केन्द्र सरकार ने नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के अल्ताफ बुखारी और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन को मीटिंग का न्यौता भेजा है। वहीं भाजपा और कांग्रेस नेताओं के शामिल होने हो सकते हैं। महबूबा मुफ्ती ने पुष्टि की है कि 24 जून की मीटिंग के लिए उनके पास फोन आया था। उन्होंने कहा कि मीटिंग में जाने का मैंने अभी फैसला नहीं किया है। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय मीटिंग बुलाई थी। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक अरविंद कुमार, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के प्रमुख सामंत कुमार गोयल आदि शामिल हुए थे।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts