Russia ukraine attacks: रूस का यूक्रेनी सैन्य प्रतिष्ठानों पर बड़ा हमला, ड्रोन और मिसाइलों से कई हमले
Russia-Ukraine war update: मास्को। रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि शनिवार देर रात रूस ने यूक्रेन के विभिन्न सैन्य ठिकानों पर व्यापक हमला किया। मंत्रालय के अनुसार, इस हमले में हवाई, जमीनी, समुद्री हथियारों के साथ-साथ ड्रोन तकनीक का भी उपयोग किया गया। सभी लक्ष्यों को सफलता पूर्वक निशाना बनाने की बात कही गई है। Russia ukraine attack
इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक टेलीग्राम संदेश के माध्यम से जानकारी दी कि रूस ने रात भर में 300 से अधिक ड्रोन और 30 से अधिक क्रूज मिसाइलें दागीं। इन हमलों में ओडेसा शहर में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
रूसी प्रतिक्रिया: सुरक्षा बलों ने ड्रोनों को गिराया
रूसी रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि उसकी सुरक्षा इकाइयों ने रातभर में 71 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। वहीं, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि राजधानी की ओर बढ़ रहे 13 ड्रोनों को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने सोमवार को जानकारी दी कि रूस यूक्रेन के साथ वार्ता के अगले चरण के लिए तैयार है, किंतु कीव फिलहाल इसमें कोई जल्दी नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा, “हम वार्ता की समयसीमा को लेकर अभी भी यूक्रेनी प्रस्ताव की प्रतीक्षा कर रहे हैं। रूसी पक्ष पूरी तरह बातचीत के पक्ष में है।”
इस संदर्भ में, रूस के उप विदेश मंत्री मिखाइल गालुजिन ने रूसी समाचार पत्र इजवेस्टिया से बातचीत में पुष्टि की कि रूस और यूक्रेन के बीच सीधी बातचीत की प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस्तांबुल में पहले हुई दो बैठकों में भी वे स्वयं भाग ले चुके हैं और भविष्य में संवाद का क्रम बने रहने की संभावना है। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटों में यूक्रेन ने विशेष सैन्य अभियान क्षेत्र में 1,195 से अधिक सैनिकों को खो दिया है। हालाँकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है। Russia ukraine attack