शाह सतनाम जी नगर की सच्चे नम्र सेवादार बहन सुशीला इन्सां मरणोंपरांत देहदान कर हो गईं अमर

अंतिम विदाई में गूंजे अमरता के नारे

Manmohan Picture
Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। जीवनभर मानवता, सेवा और परोपकार की राह पर चलने वाली शाह सतनाम जी नगर निवासी सच्चे नम्र सेवादार बहन सुशीला इन्सां (61) शुक्रवार रात्रि हृदयघात के चलते सचखंड जा विराजीं, लेकिन विदा होते-होते भी वे ऐसा प्रेरणादायी काम कर गई जिसने हर आंख को नम और हर हृदय को गर्व से भर दिया। उनके मरणोपरांत स्वजनों ने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां द्वारा दी गई इंसानियत भलाई की शिक्षाओं को साकार करते हुए डेरा सच्चा सौदा की अमर सेवा मुहिम के तहत उनकी पार्थिव देह मेडिकल शोध कार्र्यों के लिए वर्ल्ड कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल, झज्जर को दान कर दी। Sirsa News

देहदान के इस पुनीत निर्णय ने सुशीला इन्सां को मृत्यु के पश्चात भी मानवता की सेवा से जोड़ते हुए अमर कर दिया। अंतिम विदाई के अवसर पर डेरा सच्चा सौदा के सीनियर वाइस चेयरमैन पीआर नैन, नवीन इन्सां सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे सच्चे नम्र सेवादारों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इससे पूर्व शाह सतनाम जी नगर स्थित एमएसजी डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केंद्र में साध-संगत, परिजनों व रिश्तेदारों ने अरदास का शब्द बोला। इसके उपरांत मानवता भलाई केंद्र से शाह मस्ताना जी-शाह सतनाम जी धाम डेरा सच्चा सौदा सरसा तक अंतिम विदाई यात्रा निकाली गई।

अंतिम यात्रा के दौरान भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जब तक सूरज चांद रहेगा, शरीरदानी सुशीला इन्सां तेरा नाम रहेगा, देहदानी सुशीला इन्सां अमर रहे के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। हर आंख नम थी, हर चेहरा भावुक था और हर दिल यही कह रहा था कि सेवा का यह जीवन सचमुच धन्य हो गया। बाद में उनकी पार्थिव देह को फूलों से सजी एंबुलेंस में रखकर मेडिकल कॉलेज झज्जर के लिए रवाना किया गया। जैसे ही एंबुलेंस ने अंतिम यात्रा शुरू की, माहौल अत्यंत भावुक हो उठा और उपस्थित जनसमूह ने नम आंखों से इलाही नारा बोलकर अपनी प्रिय सुशीला इन्सां को अंतिम विदाई दी। Sirsa News

इस मौके पर ब्लॉक शाह सतनाम जी नगर, कल्याण नगर, सरसा सहित आस-पास के ब्लॉकों की सच्ची प्रेमी समिति के सेवादार, साध-संगत, सच्चे नम्र सेवादार भाई-बहन, डेरा सच्चा सौदा की प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे। सचखंडवासी सुशीला इन्सां की पावन स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप नामचर्चा 10 मई को शाह सतनाम जी मार्ग स्थित धालीवाल पैलेस में आयोजित की जाएगी। नामचर्चा दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक होगी।

बेटा-बेटी एक समान का भावुक दृश्य बना प्रेरणा | Sirsa News

अंतिम विदाई से पूर्व डेरा सच्चा सौदा की बेटा-बेटी एक समान मुहिम को चरितार्थ करते हुए देहदानी सुशीला इन्सां की पुत्री मनीषा इन्सां, पुत्रवधू रीना इन्सां, पौत्री स्वीटसाइन, पुत्र प्रेम इन्सां सहित अन्य पारिवारिक सदस्यों ने अर्थी को कंधा देकर समाज को समानता, संस्कार और नारी सम्मान का प्रेरणादायी संदेश दिया। यह दृश्य उपस्थित लोगों के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणास्पद रहा। सुशीला इन्सां अपने पीछे पति रामफल इन्सां, दो बेटियां मनीषा इन्सां, अनु इन्सां,बेटा प्रेम इन्सां, दामाद नीरज इन्सां सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनकी एक पुत्री अनु इन्सां डेरा सच्चा सौदा में सेवादार के रूप में सेवाएं दे रही हैं।

About The Author

Related Posts