Imd Alert: घर से निकलने से पहले जान लें मौसम विभाग का अलर्ट, 3 दिनों तक शीतलहर और कोहरे की चेतावनी े

Published On

Imd Alert: सच कहूँ/संदीप सिंहमार। चंडीगढ़/हिसार। उत्तर भारत में अगले तीन दिनों के लिए मौसम ठंडा होने की संभावना है। खासकर हरियाणा, पंजाब, उत्तर भारत और राजस्थान क्षेत्रों में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट का अनुमान है। सोमवार को पंजाब के फरीदकोट व गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 तो हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.4 बना रहा। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आगामी दिनों में मौसम में कई बदलाव देखने को मिलेंगे, जो जनता व किसानों दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि 9 से 11 दिसंबर तक उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की गति से चलेंगी। इस दौरान रात का तापमान धीरे-धीरे गिरने की संभावना है, जबकि दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है।

मौसमी स्थिति में यह अस्थिरता बनी रहेगी, जिससे हल्की बढ़ोतरी व गिरावट का समीकरण बना रहेगा। परंतु 12 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होगा, जिससे 14 दिसंबर तक मौसम में बदलाव आएगा। इस अवधि के दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे, जिससे दिन का तापमान सामान्य से कम हो जाएगा। वहीं रात्रि का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, जिससे ठंडी हवा में स्थिरता आनी शुरू हो जाएगी। साथ ही हवा के चलने की दिशा और गति में बार-बार बदलाव होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त हरियाणा, पंजाब, उत्तर भारत और राजस्थान में वातावरण में नमी बढ़ने के कारण सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना भी है। इससे किसानों को फसलों की सुरक्षा व खाद्य उत्पादन के लिए सावधानी बरतनी होगी। धुंध से वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। डॉ. खीचड़ ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वे मौसमी बदलावों के अनुसार आवश्यक तैयारी करें, खासकर ठंड के बढ़ने पर स्वास्थ्य का ध्यान रखें और खेतों में फसलों की सुरक्षा के लिए मौसम अनुरूप कदम उठाएं। इस महीने के मध्य से ठंड में यह वृद्धि हो रही है, जिसका प्रभाव जनवरी के पहले सप्ताह तक बना रह सकता है।

About The Author

Related Posts