पुरुष हॉकी टीम घोषित, दिग्गजों के साथ 10 खिलाड़ी करेंगे ओलंपिक पदार्पण

Published On

अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और मिडफील्डर मनप्रीत सिंह को उनके तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया  (Hockey India Team)

बेंगलुरु (एजेंसी)। हॉकी इंडिया ने आगामी टोक्यो ओंलपिक खेलों के लिए 16 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है जिसमें दस खिलाड़ी अपना ओलम्पिक पदार्पण करेंगे। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को टीम की घोषणा की, जिसमें कई अनुभवी एवं दिग्गज खिलाड़ियों के साथ-साथ 10 ऐसे खिलाड़ी हैं जो ओलंपिक में पदार्पण करेंगे। बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) केंद्र में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में टीम को नए दृष्टिकोण पर आधारित गहन प्रशिक्षण और तैयारी करवाई गई है। टीम में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और मिडफील्डर मनप्रीत सिंह को उनके तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया है। उनके अलावा अन्य ओलंपिक दिग्गज हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार और मनदीप सिंह के साथ टीम में काफी अनुभव मौजूद है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ओलंपिक में एक समृद्ध इतिहास रहा है

टीम ने 11 ओलंपिक पदक जीते हैं, जिसमें 8 स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं, हालांकि भारतीय टीम को आखिरी बार ओलंपिक पदक जीते 41 वर्ष हो चुके हैं, इसलिए मौजूदा भारतीय पुरुष हॉकी टीम टोक्यो में इतिहास के पन्नों में नया अध्याय लिखने के लिए बहुत दृढ़ है। वर्तमान टीम ने 2016 और 2018 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, 2017 एशिया कप और 2019 विश्व शृंखला जीती है।

ओलंपिक की तैयारियों के हिस्से के तौर पर पुरुष टीम ने इस वर्ष यूरोप और अर्जेंटीना का दौरा भी किया था। जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना जैसी टीमों के खिलाफ दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद विश्व की नंबर चार की टीम टोक्यो ओलंपिक के लिए तैयार है। 23 जुलाई से पांच अगस्त तक टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों 2020 के लिए भारतीय पुरुष टीम को पूल ए में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना, आॅस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्पेन और मेजबान जापान के साथ रखा गया है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम : गोलकीपर : पीआर श्रीजेश।
डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा।
मिडफील्डर : हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित।
फॉरवर्ड : शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मनदीप सिंह।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts