Punjab
कांग्रेस काउंसलर सुशील शर्मा और समाजसेवी सर्वण सिंगला भाजपा में शामिल
नयागांव में भाजपा को बड़ी मजबूती, कांग्रेस काउंसलर ने थामा भाजपा का दामन
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh: नयागांव म्यूनिसिपल काउंसिल में कांग्रेस पार्टी के काउंसलर सुशील कुमार शर्मा और प्रमुख समाजसेवी सर्वण सिंगला भाजपा पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अगुवाई में चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
इस मौके पर भाजपा पंजाब के प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी, मोहाली जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, नयागांव सर्कल अध्यक्ष भूपिंदर उर्फ भुप्पी और काउंसलर सुरिंदर कोशिश बब्बल भी मौजूद रहे। उनके साथ कई प्रमुख स्थानीय नेता और समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए, जिनमें राजेश गुज्जर, राज कुमार गुज्जर, कुलदीप सिंह, जसपाल जस्सी, राघव शर्मा, प्रवीन छाबड़ा, सुनील गोयल और राहुल जिंदल शामिल हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद सुशील कुमार शर्मा और सर्वण सिंगला ने कहा कि 21 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में सरकार चला रही पार्टी का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समाज के हर वर्ग के लिए विकासमुखी नीतियों के कारण भाजपा को लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने का जनादेश मिला है। सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि नयागांव नगर काउंसिल भाजपा की बनेगी, जो नयागांव के चहुंमुखी विकास को सुनिश्चित करेगी।
