Asian Games Cricket Semi Final: एशियन गेम्स क्रिकेट के चारों क्वार्टर फाइनल रद्द, अब सेमीफाइनल पर भी खतरा
भारत-श्रीलंका और पाकिस्तान-बांग्लादेश आमने-सामने
Asian Games Cricket Semi Final: निशिन (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों में बारिश सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आई है। क्वार्टर फाइनल चरण के चारों मुकाबले खराब मौसम के कारण नहीं हो सके। किसी भी मैच में टॉस तक नहीं हो पाया। ऐसे में टीमों की पिछली रैंकिंग के आधार पर भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सेमीफाइनल में प्रवेश दिया गया है।
सोमवार को निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले निर्धारित थे। पहले मैच में पाकिस्तान का सामना हांगकांग से होना था, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत और अफगानिस्तान आमने-सामने आने वाले थे। लगातार बारिश के कारण दोनों मैच रद्द करने पड़े। बेहतर रैंकिंग के आधार पर पाकिस्तान और भारत ने अगले दौर में जगह बना ली।
इसके बाद मंगलवार को भी मौसम ने खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों को निराश किया। तीसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका और नेपाल तथा चौथे क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश और मलेशिया के बीच मुकाबला होना था। हालांकि, बारिश के कारण दोनों मैच भी शुरू नहीं हो सके और बिना टॉस के ही रद्द कर दिए गए। परिणामस्वरूप श्रीलंका और बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंच गए।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले पूरे नहीं होने के साथ ही अब टूर्नामेंट के अंतिम चार की तस्वीर साफ हो गई है। सेमीफाइनल में पाकिस्तान के सामने बांग्लादेश की चुनौती होगी, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। पहला सेमीफाइनल 1 अक्टूबर, गुरुवार को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। भारतीय समय के अनुसार यह मुकाबला सुबह 5:30 बजे शुरू होगा। इसके बाद उसी दिन दूसरा सेमीफाइनल भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी।
दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों का आयोजन भी निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में निर्धारित है। हालांकि, लगातार बारिश के कारण अब इन मुकाबलों पर भी मौसम की नजर बनी हुई है। क्वार्टर फाइनल के सभी मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद आयोजकों और टीमों के सामने मौसम एक बड़ी चुनौती बन गया है। अगर सेमीफाइनल मुकाबलों में भी बारिश के कारण खेल प्रभावित होता है, तो टूर्नामेंट के कार्यक्रम पर असर पड़ सकता है। एशियन गेम्स 2026 का फाइनल और तीसरे स्थान का मुकाबला भी इसी मैदान पर आयोजित किया जाना है।