Delhi Monsoon 2026: अगले 48 घंटे तक बारिश और तेज हवाओं का दौर रह सकता है जारी
26 जून तक धूलभरी आंधी और गरज-चमक की संभावना
Delhi Monsoon 2026: नई दिल्ली/चंडीगढ़ (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। उत्तर भारत के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बुधवार को दोपहर बाद जहां धूलभरी आँधी चली, वहीं दिल्ली एनसीआर के इलाके में प्री-मानसून हलचल बढ़ने लगी है। दूसरे दिन लगातार दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। Delhi-NCR Weather News
स्काईमेट वेदर के अनुसार मौसम का यह दौर अगले 48 घण्टों तक भी बना रहा सकता है। भारत मौसम विभाग के अनुसार 26 जून तक हरियाणा और पंजाब में आँधी चलने की आशंका बनी रहेगी। स्काईमेट के मुताबिक हरियाणा, पंजाब और यूपी पर बने चक्रवाती परिसंचरण से मौसम पर प्रभाव जारी है। दिल्ली सहित उत्तर भारत में मानसून की एंट्री 27 जून के बजाय 5 जुलाई के बाद होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज और कल दिल्ली-एनसीआर में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां अधिक दिखाई देंगी। हरियाणा, पंजाब और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर प्री-मानसून मौसम से जुड़े छोटे-छोटे चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इन परिसंचरणों को जोड़ने वाली ट्रफ रेखा दिल्ली के बेहद करीब बनी हुई है।
बुधवार को हरियाणा और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। इसी तरह बारिश, तेज हवा और गरज-चमक अगले दिन शाम और रात के समय भी देखने को मिल सकती है, जिससे दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुँचने की सामान्य तिथि 27 जून मानी जाती है। लेकिन इस बार मानसून निर्धारित समय से देर से पहुंचेगा और इसकी एंट्री जुलाई में होने की संभावना है। जुलाई की शुरूआत में बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। दिल्ली में मानसून के आगमन का समय काफी हद तक इसी सिस्टम की आगे की दिशा और गति पर निर्भर करेगा। फिलहाल संकेत हैं कि दिल्ली में मानसून 5 जुलाई 2026 के बाद ही दस्तक दे सकता है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में सप्ताहांत तक प्री-मानसून गतिविधियाँ धीरे-धीरे कम होने लगेंगी। अगले सप्ताह इन गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है। हालांकि सतही और निचले स्तर की हवाएं मजबूत बनी रहेंगी, जिससे अगले 5 से 6 दिनों तक तापमान में तेज बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। मानसून के आगमन के बाद दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। जून के अंतिम दिनों और जुलाई की शुरूआत में मौसम सुहावना बना रह सकता है। Delhi-NCR Weather News