Faridabad Crime News: खेल-खेल में खूनी वारदात, नाबालिग ने की 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या
खेल-खेल में खूनी वारदात, नाबालिग ने की 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad Crime News: फरीदाबाद के सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट में रविवार शाम खेलते-खेलते हुई धक्का-मुक्की एक मासूम की जान ले गई। 15 वर्षीय नाबालिग ने 13 वर्षीय बच्चे कन्नू की छाती में चाकू घोंपकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। परिजन उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतक कन्नू (13) सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट में अपने परिवार के साथ रहता था और तीसरी कक्षा में पढ़ता था।
उसके चाचा इकबाल ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे कन्नू ब्लॉक नंबर-14 के बाहर अपनी एक साल की बहन चाहत को खिला रहा था। तभी ब्लॉक-13 में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर वहां आया और दोनों साथ खेलने लगे। खेलने के दौरान दोनों में धक्का-मुक्की हो गई। आरोप है कि इसी बात पर गुस्साए किशोर ने अपनी जेब से चाकू निकालकर कन्नू की छाती में वार कर दिया। कन्नू के पिता यामीन मूल रूप से अलीगढ़ (यूपी) के रहने वाले हैं और कई सालों से फरीदाबाद में कबाड़ की फेरी लगाते हैं। करीब 5 साल पहले उन्होंने आशियाना फ्लैट में मकान खरीदा था। उनका बड़ा बेटा आमिर है, और कन्नू से छोटी एक साल की बहन है।
चाचा इकबाल ने बताया कि पड़ोसियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और कन्नू को बादशाह खान सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी नाबालिग और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि राजीव कॉलोनी के एक निजी अस्पताल में एक बच्चे को चाकू लगने के बाद लाया गया है, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।