Snake News: सरसा में जहरीले सांप के काटने से महिला की मौत, झाड़-फूंक वाले के पास ले गए थे परिजन, तूड़े में छिपा मिला कोबरा

Published On

Snake News:  सिरसा (भगत सिंह)। हरियाणा में सिरसा जिला के गांव नहराणा में शुक्रवार को एक जहरीले सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। महिला को कोबरा सांप द्वारा डसने के बाद परिवार झाड़ फूंक करवाने में जुट गया। समय रहते चिकित्सीय उपचार न मिलने पर महिला ने दोपहर को दम तोड़ दिया। वहीं सूचना पाकर स्नेक मैन पवन जोगपाल मौके पर पहुंचे और मुश्किल से सांप को तूड़ी के कूप में ढूंढकर पकड़ लिया। बाद में सांप को खेतों में छोड़ दिया गया। स्नेक मैन जोगपाल ने बताया कि गांव नहराणा में आज तड़के 33 वर्षीय महिला सुमन पशुओं को चारा डालने के लिए तूड़ी निकाल रही थी। इसी दौरान एक सांप ने उसकी उंगली पर डस लिया। इसके बाद परिवार वाले उसे झाड़ फूंक के लिए गांव के ही एक व्यक्ति के पास ले गए। झाड़ फूंक के बाद महिला को घर ले गए। बाद में महिला की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई । घंटे-डेढ़ घंटे बाद सांस लेने में दिक्कत होने पर महिला ने दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों द्वारा बाद में तूड़ी के कूप में सांप की खोजबीन की तो वह नहीं मिला। इसके बाद स्नेक मैन पवन जोगपाल को लोगों ने मौके पर बुलाया। सांप वहां पड़ी तूड़ी के ढेर में था। जब उसे निकाला गया तो वह इंडियन सपेक्टाकाल्ड कोबरा निकला। जोगपाल ने बताया कि यह भारत का दूसरा सबसे जहरीला सांप है। इसमें न्यूरो टॉक्सीक जहर होता है, जो नाड़ी तंत्र पर सीधा असर कर व्यक्ति की जान चली जाती है। जोगपाल ने ग्रामीणों को सलाह दी कि सांप के डसने पर झाड़ फूंक करवाने की बजाय पीड़ित को उपचार के लिए सीधे अस्पताल ले जाना चाहिए। यदि महिला को भी सीधे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाया जाता तो उसकी भी जान बच सकती थी।

About The Author

Related Posts