फर्रूखनगर में बच्चे की बलि का प्रयास, दो काबू

Published On
  • बेटे को ढूंढते हुए आरोपियों के घर तक पहुंची माँ
  • घर के पीछे गड्ढे खोदकर कर रहे थे तांत्रिक क्रिया

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। सरकारी और सामाजिक संगठनों की लाख कोशिशों के बावजूद भी आज भी लोग अंधविश्वास के चंगुल से नहीं निकल पाए हैं। ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें एक बच्चे की बलि देने के प्रयास का आरोप लगा है। गनीमत रही कि बच्चे की माँ उसकी तलाश करते हुए आरोपियों के घर तक पहुंची और मामले का भंडाफोड़ हो गया।

पुलिस को लिखित शिकायत देकर पिंकी पत्नी निर्मल गोपाल निवासी वत्स कालोनी फर्रूखनगर ने बताया कि उसका पति काम पर गया हुआ था। उसके दो बच्चों में से बड़ा बेटा ट्यूशन पढ़ने गया था और छोटा घर पर था। वह पास में ही थी। इसी दौरान उसे पता चला कि उसके छोटे बेटे हर्ष को प्रमोद पुत्र गोबिंद सैनी बाइक पर बैठाकर ले गया है। वह उसे अपने घर पर ले गया।

बेटे को तलाशती हुई उसकी माँ प्रमोद के घर पर पहुंची और बेटे के बारे में पूछा। वहां पर मौजूद महिला ने कहा कि यहीं कहीं खेल रहा होगा। उसने फिर से आसपास देखा, लेकिन उसका बेटा नजर नहीं आया। इसी बीच वह बेटे की तलाश करती हुई उसके मकान के पीछे के हिस्से में टीन शेड की तरफ गई। वहां जाकर देखा तो करीब पांच फुट का गड्ढा खोदा हुआ था।

वहां पर दो तांत्रिक बैठे थे। प्रमोद, उसके मम्मी-पापा पास में बैठे हुये थे। उसके बेटे को गड्ढे के पास बैठा रखा था और उसके हाथ में काजल लगा रखा था। जब वह अपने बच्चे को वहां से लाने लगी तो उसके साथ हाथापाई की गई। झगड़ा किया और जान से मारने की धमकी दी। वह मुश्किल से वहां से अपने बेटे को लेकर निकलकर आई। उसने पडोसियों को यह बात बताई। महिला ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस थाना प्रभारी राव राजेंद्र सिंह कोसलिया के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में दो तांत्रिकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी परिवार के सदस्यों से उनके बारे में पूछताछ की जायेगी। तभी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि आखिर पूरा मामला क्या था। वे क्या करना चाह रहे थे।

 

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts