Punjab
सीआईए-1 टीम की बदमाशों से मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली
लूट मामले का वांछित आरोपी राजू उर्फ बांडा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: थाना सदर सोनीपत में दर्ज लूट के मामले में वांछित आरोपी राजू उर्फ बांडा के साथ मंगलवार रात सीआईए-1 सोनीपत की टीम की मुठभेड़ हो गई। CIA-1 के इंचार्ज निरीक्षक राजीव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी राजू उर्फ बांडा निवासी गांव प्रहलादपुर किडौली अपने साथी संजय निवासी लाइन पार बहादुरगढ़ के साथ गोरड से फरमाना रोड पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी राजू उर्फ बांडा ने अवैध पिस्टल से तीन फायर किए। जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में राजू के दाहिने पैर के टखने के ऊपर गोली लगी, जबकि उसके साथी संजय को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
मुठभेड़ में पुलिस टीम को किसी प्रकार की हानि नहीं पहुंची। घायल आरोपी राजू को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल खरखौदा लाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए पीजीआई खानपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मौके से आरोपी राजू के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद की है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।फोटो। घायल आरोपी का उपचार कराती पुलिस।
