Weather Alert: सांसें न सूखा दे ये गर्मी, भीषण लू की चेतावनी

Published On

सरसा देश में सबसे गर्म, पारा@ 47.9 पहुंचा, 28 मई तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं | Weather Alert

  • पहली बार जम्मू व हिमाचल में भी चली हीट वेव

हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। Weather Alert: उत्तर भारत के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान चंडीगढ़, दिल्ली व उत्तर प्रदेश इन दिनों लू की चपेट में है। इन क्षेत्रों में लू का सितम इस कदर जारी है कि दोपहर के वक्त लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहते। जलवायु परिवर्तन व ग्लोबल वार्मिंग की वजह से पहली बार पहाड़ी क्षेत्र हिमाचल प्रदेश व जम्मू संभाग में भी लू चली। मौसम विभाग की वेधशाला में दर्ज किए गए रिकॉर्ड के अनुसार देश भर में सरसा जिले का तापमान सबसे अधिक रहा। यहां का अधिकतम तापमान 47.9 डिग्री सेल्सियस बना रहा। मौसम विभाग ने आगामी 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक की संभावना जताई है। Weather Alert

यह भी पढ़ें:– Delhi Voting: मतदाताओं की हुई मौज, मिलेंगे फ्री बाइक राइड से लेकर मुफ्त नाश्ते जैसे ऑफर, जानें चुनाव आयोग का ऑफर

भारत मौसम विभाग के नई दिल्ली केंद्र से जारी हुए मौसम बुलेटिन के अनुसार अब पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ में लू और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 26 मई तक गर्मी अपने चरम पर होगी। इसके अलावा आने वाले दिनों में भी हिमाचल प्रदेश व जम्मू संभाग में भी लू चलेगी। वहीं गुजरात राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है। 22 से 26 मई के दौरान पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, दिल्ली व विदर्भ इलाके भी गर्मी के चपेट में रहेंगे। 24 से 26 मई के दौरान उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 45 से 47 सेल्सियस के बीच रहेगा।

अब रात्रि का भी बढ़ेगा तापमान | Weather Alert

अब दिन की गर्मी के साथ-साथ रात्रि का तापमान भी अपना रंग दिखाएगा। 26 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में सबसे गर्म रात की स्थिति बनने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यदि ऐसे ही अधिकतम तापमान बढ़ता गया तो अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है।

ये हैं भीषण गर्मी बढ़ने का मुख्य कारण

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि ग्लोबल वार्मिंग व जलवायु परिवर्तन की वजह से गर्मी का ऐसा मौसम बना हुआ है। अल-नीनो के प्रभाव से जब समुद्री सतह का पानी गर्म होता है तो मैदानी क्षेत्रों में गर्मी अपने चरम पर होती है। इसके अलावा एक पूर्व-पश्चिम टर्फ रेखा बनी हुई है, जो बेहद खुश्क है। यह टर्फ रेखा उत्तरी राजस्थान से लेकर दक्षिणी पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली तक चल रही है। इसी वजह से देश की राजधानी दिल्ली से लेकर पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर चल रहा है। गर्मी के मामले में इस बार हरियाणा प्रदेश में राजस्थान को भी पीछे छोड़ दिया है।

About The Author

Related Posts