हरियाणा की बेटी ने बनाया विश्व रिकार्ड, यूनिवर्सिटी के कुलपति ने मिठाई खिलाकर दी बधाई

Published On

सच कहूँ न्यूज कुरुक्षेत्र/कैथल श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय ने एलिस उर्फ आशा देवी के सपने को साकार कर दिया। कैथल के डीग गांव की एलिस ने 8 फुट 7 इंच लंबे बालों के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया है। जबकि एलिस पहले बालों से जुड़ी समस्या से ग्रस्त थी। एलिस का नाम इंडिया बुक आॅफ रिकॉर्ड्स 2025 और एलीट बुक आॅफ रिकॉर्ड्स 2025 में दर्ज हुआ है। डींग गांव निवासी एलिस ने विश्व की सबसे लंबे बालों वाली महिला बनने का सपना संजोया था, लेकिन रूसी और बालों के झड़ने की समस्या ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। एलिस के बाल 7 फुट 9 इंच जरूर थे, लेकिन रूसी के कारण लगातार बाल टूट रहे थे। इसके लिए उसने कई मेडिसिन और घरेलू उपचार भी लिए, मगर कोई फर्क नहीं पड़ा।

इसके बाद एलिस ने आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान के क्रिया शरीर विभाग की प्रो. वैद्य शुभा कौशल से संपर्क किया। प्रो. कौशल ने करीब डेढ़ साल तक एलिस का आयुर्वेदिक उपचार किया, जिसमें देसी औषधियों, जड़ी-बूटियों और जीवनशैली में बदलाव किया गया। इस उपचार से एलिस के बाल झड़ना बंद हो गए और बढ़कर 8 फुट 7 इंच के हो गए। एलिस ने विश्व रिकॉर्ड बनने के बाद अपने बाल एक कैंसर पीड़ित को डोनेट कर दिए। एलिस ने कहा कि बालों को बढ़ाना मेरा सपना था, लेकिन अब यही सेवा का माध्यम बन गया है। आयुष चिकित्सा ने मुझे जो आत्मविश्वास और सौंदर्य दिया, मैं उसे दूसरों के साथ बांटना चाहती हूँ। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने मिठाई खिलाकर एलिस और वैद्य शुभा कौशल को शुभकामनाएं दी। कुलपति ने कहा कि यह यूनिवर्सिटी के लिए गर्व का क्षण है। एलिस का रिकॉर्ड सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि आयुष चिकित्सा की सफलता का भी उदाहरण है।

About The Author

Related Posts