गढ़ी-हरसरू रेलवे अंडरपास में कार पर गिरा भारी हाइट गेट

वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कुछ मिनट पहले पत्नी कार से उतरी थी

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: गढ़ी-हरसरू गांव में रविवार को रेलवे अंडरपास पर बड़ा हादसा होने से टल गया। अंडरपास से गुजर रही मारुति कार पर अचानक लोहे का भारी हाइट गेट गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक बालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक श्यामवीर सिंह बाल-बाल बच गए।

श्यामवीर सिंह ने बताया कि वह पत्नी को छोड़कर स्कूल लौट रहे थे। अंडरपास में पहुंचते ही तेज आवाज के साथ हाइट गेट कार के बोनट और आगे के हिस्से पर गिर पड़ा। गेट पैसेंजर सीट की तरफ गिरा। कुछ मिनट पहले ही उनकी पत्नी कार से उतरी थीं। आसपास के लोगों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और ठेकेदार को बुलाया।

बिना वेल्डिंग और नट-बोल्ट के लगा था गेट

मौके की जांच में हाइट गेट को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आने का दावा किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, गेट को उचित तरीके से वेल्डिंग और नट-बोल्ट से सुरक्षित नहीं किया गया था। ग्रामीणों ने कहा कि अंडरपास से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और राहगीर गुजरते हैं। उन्होंने सभी अंडरपास के हाइट गेट की सुरक्षा जांच और जिम्मेदार ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की। 

 

About The Author

Related Posts