अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube पर फॉलो करें।
ग्रामीणों ने गिरफ्तारी को लेकर दूसरे दिन भी सड़क पर शव रखकर लगाए रखा जाम
कई खाप पहुंची धमतान साहिब धरने पर
धमतान साहिब (सचकहूँ/ कुलदीप नैन)
गांव धमतान साहिब में बुधवार को सुरेश नाम के व्यक्ति ने रेलगाड़ी के आगे कूद आत्महत्या करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। लगातार दूसरे दिन भी ग्रामीण शव को लेकर सड़क जाम किये बैठे रहे। दूसरे दिन बिनेन खाप, नरवाना खाप, उझाना खाप, कंडेला खाप सहित अन्य भी कई खापों ने धरने को समर्थन दिया। खाप नेताओ ने कहा अभी तक कोई शासनिक या प्रशासनिक अधिकारी बातचीत करने के लिए नही आया है और जब तक हमे न्याय नही मिलता, आरोपियो की गिरफ्तारी नही होती, तब तक हम ऐसे ही सड़क पर बैठे रहेगे व शांतिपूर्ण तरीके से हमारा धरना चलता रहेगा। खापों ने कहा कि जब तक हमारी मांगे नही मानी जाती तब तक शव का अंतिम संस्कार नही किया जाएगा।
गौरतलब है कि गांव धमतान साहिब निवासी सुरेश 45 ने बुधवार को सुबह गांव के निकट रेलगाड़ी के आगे आत्महत्या कर ली। सुरेश की पत्नी की भी 2 साल पहले मौत हो चुकी है, जिसके कारण सुरेश का इकलौता लड़का अब अकेला रह गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि गत 13 फरवरी को बिजली निगम की टीम ने सुरेश के घर पर बिजली चोरी के सिलसिले में छापेमारी की थी। जिसके बाद से सुरेश मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसी परेशानी के चलते सुरेश ने बुधवार को रेलगाड़ी के आगे आत्महत्या कर ली। मृतक के चचेरे भाई जगबीर की शिकायत पर जीआरपी पुलिस ने 6 बिज़ली कर्मचारी व एक पुलिस कर्मी सहित 7 पर 306 ,34 ipc के तहत मामला दर्ज कर लिया।