Punjab
डबवाली के महाग्राम गंगा की बेटी ने नेपाल में गाड़े सफलता के झंडे
एशियन सवाते चैंपियनशिप में स्नेहा ने जीता गोल्ड, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
गोरीवाला/सरसा (सच कहूँ न्यूज)। डबवाली उपमंडल के महाग्राम गंगा की बेटी स्नेहा ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में 30 अप्रैल से 4 मई तक आयोजित सातवीं एशियन सवाते चैंपियनशिप 2026 (7th Asian Savate Championship 2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा स्नेहा ने फाइनल मुकाबले में मेजबान काठमांडू की खिलाड़ी को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। स्वर्ण पदक जीतकर स्वदेश लौटने पर उप-तहसील गोरीवाला पहुंचने पर स्नेहा का भव्य अभिनंदन किया गया। Sirsa News
गांव के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ग्राम पंचायत, गणमान्य लोगों, विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ ने स्नेहा की जीत पर खुशी जताई और उसे फूलों व नोटों की मालाएं पहनाकर आशीर्वाद दिया। बेटी की सफलता से परिजन बेहद उत्साहित नजर आए। गोरीवाला के भीमराव अंबेडकर चौक पर भी भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उसका स्वागत किया तथा विजय जुलूस के साथ गांव लाया गया। रास्ते में मोड़ी गांव पहुंचने पर वहां की ग्राम पंचायत, गणमान्य लोगों और स्कूली बच्चों ने भी स्नेहा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल प्रेम सुथार ने कहा कि स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस मौके पर बीईओ राजेंद्र जाखड़, सरपंच हरचरण सिंह, सरपंच प्रतिनिधि जयपाल सिंह बग्गी, जगदीश माहर, एडवोकेट धीरज महारुद्रा, पीटीआई कालू राम और पीटीआई उत्तम चंद मुख्य रूप से मौजूद रहे। Sirsa News