Doha Diamond League 2025: हरियाणा के ‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा ने इतिहास में पहली बार दिखाया ऐसा करतब!

Published On

90 मीटर के पार भाला फेंककर 90 मीटर क्लब में दी दस्तक

Doha Diamond League 2025: दोहा। भारत के स्वर्ण पुत्र नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को दोहा डायमंड लीग में इतिहास रचते हुए पहली बार 90 मीटर से अधिक भाला फेंका। तीसरे प्रयास में नीरज ने 90.23 मीटर की दूरी तय कर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। इससे पहले उनका पर्सनल बेस्ट 89.94 मीटर था, जो उन्होंने 2022 में स्टॉकहोम में हासिल किया था। Neeraj Chopra Record Throw

हालांकि यह ऐतिहासिक थ्रो उन्हें स्वर्ण पदक नहीं दिला सका। जर्मनी के वेबर जूलियन ने आखिरी और छठे प्रयास में 91.06 मीटर का भाला फेंककर नीरज से बाजी मार ली। प्रतियोगिता के शुरुआती पांच राउंड तक नीरज अव्वल रहे, लेकिन अंतिम प्रयास में जूलियन ने मुकाबले का रुख पलट दिया। नीरज को इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

90 मीटर की दूरी केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि नीरज के करियर की एक बड़ी चुनौती बन चुकी थी। कई बार इसके करीब पहुंचने के बावजूद यह आंकड़ा उनसे दूर ही रहा। टोक्यो ओलंपिक और बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के बावजूद यह प्रश्न बना रहा कि क्या नीरज कभी 90 मीटर पार कर पाएंगे? शुक्रवार की रात उन्होंने इस सवाल का दमदार जवाब दे दिया। Neeraj Chopra

यह थ्रो न केवल उनके खेल जीवन का मील का पत्थर है

उनका यह थ्रो न केवल उनके खेल जीवन का मील का पत्थर है, बल्कि कोच जान जेलेज्नी की रणनीति और प्रशिक्षण का भी सजीव उदाहरण है। हाल ही में नीरज ने अपने पुराने कोच डॉ. क्लॉस बार्टोनिएट्ज से नाता तोड़कर तीन बार के ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्डधारी जेलेज्नी को अपना कोच नियुक्त किया था। नीरज के इस निर्णय ने अब रंग दिखा दिया है। अब नीरज चोपड़ा 90 मीटर क्लब का हिस्सा बन चुके हैं, जिसमें पाकिस्तान के अर्शद नदीम जैसे दिग्गज पहले से शामिल हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके करियर की ऊंचाई है, बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए एक बड़ी मानसिक जीत है।

दोहा में यह नीरज का मौजूदा सत्र का पहला बड़ा टूर्नामेंट था, जहां उनका सामना दुनिया के दिग्गज भालाफेंक खिलाड़ियों से हुआ। इनमें ग्रेनेडा के पीटर्स एंडरसन (2024 ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट), चेक गणराज्य के याकुब वाडलेजच (दोहा 2024 के विजेता), और जर्मनी के मैक्स डेह्निंग शामिल थे। एंडरसन ने 85.64 मीटर की दूरी तय कर कांस्य पदक हासिल किया। संपूर्ण मैदान नीरज के थ्रो पर झूम उठा, और देश ने एक बार फिर गर्व से सिर ऊँचा कर लिया। Neeraj Chopra Record Throw

CBSE 12th Result 2025: शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के कॉमर्स स्टूडेंट ने किया पूरे हरियाणा में टॉप, प्रि…

About The Author

Related Posts