रेवाड़ी से उठी आवाज पूरे देश में जाएगी: हुड्डा

Published On

किसानों का कर्ज माफ करने की मांग

रेवाड़ी (सच कहूूँ न्यूज)। किसानों की समस्याओं व उसके हकों को लेकर रविवार को नगर की नई अनाज मंडी में कांग्रेस द्वारा तीन जिलों रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़ व गुरुग्राम के किसानों की बुलाई गई किसान पंचायत में मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकारों पर जमकर बरसते हुए आरोप लगाया कि ये सरकारें किसान विरोधी हैं और किसानों को आत्महत्याओं के लिए मजबूर कर रही हैं।

उन्होंने अन्य राज्यों की तरह प्रदेश के किसानों का कर्ज भी माफ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई का 1857 में बिगुल इसी क्षेत्र से बजा था और आज वे विश्वासपूर्वक कह सकते हैं कि रेवाड़ी से उठी आवाज पूरे देश में जाएगी। वे आज सीएम बनने के लिए घर से नहीं निकले हैं, बल्कि किसान-गरीब की आवाज उठाने के लिए संघर्ष की राह पर निकले हैं।

अब नारे लगाने का नहीं, संघर्ष का समय है। इस भीषण गर्मी में यहां मौजूद जो लोग पसीना बहा रहे हैं, उनका यह संघर्ष खाली नहीं जाएगा। किसान पंचायत में भीषण गर्मी के बावजूद भारी संख्या में लोग जमा हुए।

भूपेन्द्र हुड्डा ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि तीन साल पहले केन्द्र व राज्य में सरकार बनने से पूर्व भाजपा ने स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने व किसान को उपज का 50 प्रतिशत मुनाफा देने का वायदा किया था। लेकिन भाजपा अपने वायदे को भूल गई। उन्होंने कहा कि किसान तब तक सुखी नहीं रह सकता, जब तक उसे लागत पर मुनाफा न मिले।

कै. अजय के गढ़ में दिखाई ताकत भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अपने धुर

विरोधी कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री कै. अजय सिंह यादव के गढ़ को ही किसान पंचायत के लिए चुनकर अपनी शक्ति का अहसास कराया। इस किसान पंचायत में कै. अजय को कोई न्यौता नहीं दिया गया था। जिसके कारण उन्होंने व उनके समर्थकों ने इस पंचायत से दूरी बनाये रखी।

किसानों ने तीन साल किया सब्र

इस अवसर पर मौजूद सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि आज की किसान पंचायत हरियाणा की राजनीति को नई दिशा देगी। इसका असर यहां के तीन जिला पर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि तीन साल तक सब्र करने के बाद किसान सड़कों पर उतरा है।

पूर्व विधायक रामेश्वर कांग्रेस में शामिल

बावल से इनेलो के पूर्व विधायक रामेश्वर दयाल ने आज किसान पंचायत में कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने स्वयं मंच से कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की और भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts