118 लाख रुपए की लागत से बना प्लांट, 35 घरों और गौशाला को मिलेगा कनेक्शन

चौटाला में गोबरधन प्रोजेक्ट तैयार, 3 हजार गौवंश के गोबर से चलेगा बायोगैस संयंत्र 

Sarvesh Kumar Picture
Published On

सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। Sirsa News: ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में जिले को बड़ी सौगात मिली है। ग्राम पंचायत चौटाला में गोबरधन प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो गया है और अब जल्द ही गांव के घरों तथा गौशाला को कम लागत पर बायोगैस की आपूर्ति शुरू की जाएगी। यह परियोजना न केवल ऊर्जा का किफायती स्रोत बनेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती को भी बढ़ावा देगी।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पित संगल ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंचायत चौटाला में 400 घन मीटर क्षमता का गोबरधन प्रोजेक्ट स्थापित किया गया है। इस परियोजना के लिए सरकार द्वारा 118 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसमें से अब तक 96 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत श्री कृष्ण गौशाला सहित 35 घरों को बायोगैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। परियोजना के संचालन के लिए ग्राम स्तर पर सरपंच की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें श्री कृष्ण गौशाला चौटाला के प्रधान और ग्राम सचिव को सदस्य बनाया गया है।

गौशाला का गोबर बनेगा गांव की ऊर्जा का स्रोत

एडीसी ने बताया कि श्री कृष्ण गौशाला चौटाला में लगभग 3000 गौवंश हैं, जिनसे प्राप्त गोबर के माध्यम से इस प्रोजेक्ट का संचालन किया जाएगा। इससे गौशाला और ग्रामीणों को कम लागत पर बायोगैस उपलब्ध होगी, वहीं प्रोजेक्ट से निकलने वाली जैविक खाद किसानों को उचित दरों पर दी जाएगी, जिससे खेती की लागत घटाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रोजेक्ट की निगरानी कार्यकारी अभियंता पंचायती राज गौरव भारद्वाज एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सुखविंद्र सिंह द्वारा की जा रही है। साथ ही इसकी प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर मुख्यालय भेजी जा रही है।

About The Author

Related Posts