Punjab News: पंजाब बोर्ड 12वीं की तीनों टॉपर्स छात्राओं से मिले सीएम भगवंत मान

बोर्ड परीक्षा में कुल 91.46 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल घोषित

Published On

PSEB 12th Results 2026: चंडीगढ़। पंजाब विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में इस वर्ष विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। बोर्ड परीक्षा में कुल 91.46 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल घोषित हुए हैं। परीक्षा परिणामों में छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लड़कों की तुलना में बेहतर सफलता दर दर्ज की। Punjab News

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.73 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 88.52 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस वर्ष की मेरिट सूची में भी बेटियों का दबदबा देखने को मिला। राज्यभर में प्रथम तीन स्थानों पर छात्राओं ने पूर्ण अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। मानसा की सुपनीत कौर ने 500 में से पूरे 500 अंक अर्जित कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया।

वहीं, लुधियाना की सुहानी चौहान और दिव्यांशी ने भी पूर्ण अंक हासिल कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में तीनों मेधावी छात्राओं और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सफलता को राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि पंजाब की बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। Punjab News

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस वर्ष मेरिट सूची में स्थान पाने वाले 278 विद्यार्थियों में से 217 छात्राएं हैं, जो राज्य की शिक्षा व्यवस्था और बेटियों की मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उचित अवसर और बेहतर संसाधन मिलने पर साधारण परिवारों के बच्चे भी असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने और प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस वर्ष राज्य के 416 सरकारी विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इसे राज्य सरकार की शिक्षा सुधार योजनाओं का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है। गौरतलब है कि पंजाब बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 17 फरवरी से 4 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। परीक्षा में कुल 2,65,417 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 2,42,755 परीक्षार्थी सफल हुए। सफल विद्यार्थियों में छात्राओं की संख्या 1,19,079 और छात्रों की संख्या 1,23,676 रही। Punjab News

About The Author

Related Posts