Punjab
Sanjeev Arora News: पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा सात दिन के रिमांड पर
गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित ईडी कार्यालय में ले जाया गया
Money Laundering Case: गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पंजाब के लुधियाना वैस्ट से विधायक एवं मंत्री संजीव अरोड़ा को रविवार की सुबह यहां अदालत में पेश करके ईडी ने सात दिन के रिमांड पर लिया है। गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित ईडी कार्यालय में उनसे पूछताछ की जा रही है। Sanjeev Arora News
मंत्री अरोड़ा को शनिवार को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी निवास से ईडी ने गिरफ्तार किया था। ईडी सूत्रों के अनुसार मंत्री संजीव अरोड़ा व उनसे संबंधित कंपनियों पर 150 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री और शेल कंपनियों के जरिये फर्जी एक्सपोर्ट दिखाने के आरोप हैं। इन्हीं आरोपों में उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
ईडी की ओर से मंत्री संजीव अरोड़ा को यहां अदालत में पेश करके सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित ईडी कार्यालय में मंत्री से पूछताछ की जा रही है। मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी को लेकर उनके वकील अर्जुन ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है और जांच प्रक्रिया में कई खामियां हैं।
वकील अर्जुन के अनुसार ईडी ने पांच मई को मामला दर्ज किया और मात्र चार दिन के भीतर 9 मई को संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उनका कहना है कि इतनी कम अवधि में एजेंसी ने निष्पक्ष और गहन जांच नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी ने दस्तावेजों और तथ्यों का पर्याप्त सत्यापन किए बिना कार्रवाई की है। Sanjeev Arora News