गोलीबारी के बाद कुख्यात लंडा गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

Published On

दोनों पक्षों की ओर से 50 से अधिक गोलियां चली, कई अपराधों में शामिल थे आरोपी

  • छह मैगजीन और छह गोलियों के साथ सात हथियार बरामद | Jalandhar News
  • दो पुलिस अधिकारी भी गोली लगने से हुए घायल

जालंधर (सच कहूँ न्यूज)। Jalandhar News: पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने फोलरीवाल गांव के बाहरी इलाके में हुई भीषण गोलीबारी के बाद कुख्यात लंडा गिरोह के दो खूंखार गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से छह मैगजीन और छह गोलियों के साथ सात हथियार बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने शुक्रवार को यहां बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान करतारपुर के भीखा नंगल निवासी जसकरण उर्फ करण और फगवाड़ा के मेहली गेट स्थित मोहल्ला थानेदारा निवासी फतेहदीप सिंह उर्फ प्रदीप सैनी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को जालंधर के सदर थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। Jalandhar News

डीजीपी यादव ने बताया कि जालंधर कमिश्नरेट क्षेत्र में लंडा गिरोह से जुड़े अपराधियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद पुलिस आयुक्त (सीपी) जालंधर स्वप्न शर्मा की देखरेख में पुलिस टीमों ने व्यापक अभियान चलाया और फोलरीवाल गांव के पास उनके ठिकाने का पता लगाया। उन्होंने बताया कि पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस टीमों पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद पुलिस दलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान दोनों आरोपियों के साथ-साथ दो पुलिस अधिकारी भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्होने बताया कि अभियान के दौरान दोनों पक्षों की ओर से 50 से अधिक गोलियां चलाई गईं। Jalandhar News

जालंधर के पुलिस आयुक्त स्वप्न शर्मा ने कहा कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति जबरन वसूली, हत्या और हत्या के प्रयास सहित कई जघन्य अपराधों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि आरोपी व्यक्ति गिरोह के अन्य सदस्यों को रसद सहायता प्रदान करने और आपराधिक संगठनों को हथियार मुहैया कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे।

शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों गैंगस्टर सीधे लंडा के संपर्क में थे और अपने प्रतिद्वंद्वी गिरोह से जुड़े दो लोगों को खत्म करने की साजिश रच रहे थे। उन्होंने कहा कि घायल गैंगस्टर और पुलिस अधिकारियों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक समूहों के साथ संभावित संबंधों को उजागर करने के लिए आगे की जांच चल रही है। Jalandhar News

यह भी पढ़ें:– दो नहरें टूटने से सैकड़ों एकड़ भूमि जलमग्न

About The Author

Related Posts