पुरानी रंजिश में हमला, युवक पर गंडासी से वार, हालत गंभीर

Published On

हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हनुमानगढ़ रेफर किया गया है। टिब्बी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 11-12 एसएलडब्ल्यू निवासी मैनपाल उर्फ सुखराम (28) पुत्र साधुराम नायक ने रिपोर्ट दी कि 2 अप्रैल की रात करीब 9 बजे वह अपने भाई मांगीलाल के साथ टिब्बी से घर लौट रहा था। जब वे 5 जीजीआर स्थित वेयर हाउस के पास पहुंचे तो पीछे से यश व मनीष पुत्र संतलाल निवासी 11-12 एसएलडब्ल्यू तथा 8-10 अन्य लोग कार, स्कॉर्पियो और दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर आए। Hanumangarh News

प्रार्थी के अनुसार चार दिन पहले भी आरोपियों के साथ गाली-गलौज की घटना हुई थी

आरोप है कि यश के पास गंडासी, मनीष के पास हॉकी तथा अन्य के पास लाठियां थीं। सभी ने मिलकर दोनों भाइयों का रास्ता रोक लिया और उनकी मोटर साइकिल को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दी। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया। हमले के दौरान मैनपाल मौके से भागकर पास की गेहूं की फसल में छिप गया, जबकि आरोपियों ने उसके भाई मांगीलाल को पकड़ लिया। आरोप है कि यश ने मांगीलाल के दाएं पैर पर गंडासी से वार किया, जिससे घुटने के नीचे हड्डी टूट गई और गंभीर रक्तस्राव हुआ। अन्य आरोपियों ने भी हॉकी व लाठियों से उसके सिर, पीठ व शरीर पर कई वार किए।

हमले के दौरान आरोपियों ने मांगीलाल के गले में पहनी सोने की ताबीज तथा करीब 20 हजार रुपए कीमत का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी छीन लिया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे शीलू नायक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे भी धमका दिया। बाद में राहगीरों की आवाजाही बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल को एंबुलेंस की मदद से टिब्बी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रार्थी के अनुसार चार दिन पहले भी आरोपियों के साथ गाली-गलौज की घटना हुई थी, जिसमें पंचायत के जरिए समझौता हुआ था। उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक सांवरमल को सौंपी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts