23 लाख रुपए की जमीन दिखाकर व्यापारी से ठगी

5 बीघा जमीन बेचने का झांसा देकर लिए रुपए, बाद में बोले-'ठगी करनी थी, कर लीÓ

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। एक व्यापारी से 5 बीघा कृषि भूमि बेचने के नाम पर 23 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में रावतसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 20, रावतसर निवासी 23 वर्षीय हर्ष पुत्र रतनलाल अग्रवाल ने रिपोर्ट दी कि उसके पिता रतनलाल की नई धानमंडी रावतसर में केदारनाथ विजय कुमार नाम से आढ़त की दुकान है।

चक 2 सीएलडी खोड़ां निवासी ईमीलाल पुत्र हंसराज जाट का पिछले करीब 17 वर्षांे से उनकी फर्म पर आना-जाना और लेन-देन था। करीब एक माह पूर्व ईमीलाल ने अपनी 5 बीघा कृषि भूमि बेचने की बात कही। इसके बाद 27 अप्रैल 2026 को हर्ष, उसके पिता रतनलाल तथा रजत अग्रवाल ईमीलाल की ढाणी पर पहुंचे, जहां ईमीलाल और उसकी पत्नी मोनिका मौजूद थे।

बातचीत के दौरान 5 बीघा भूमि का सौदा 23 लाख रुपए में तय हुआ। सौदा तय होने पर एक लाख रुपए नकद मोनिका को दिए गए, जबकि शेष 22 लाख रुपए ईमीलाल के भारतीय स्टेट बैंक खाते में आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर कर दिए गए। रुपए लेने के बावजूद ईमीलाल ने जमीन का बैयनामा नहीं करवाया और लगातार टालमटोल करता रहा।

इसके बाद 23 मई को हर्ष अपने पिता रतनलाल, रजत अग्रवाल और राहुल बंसल के साथ ईमीलाल की ढाणी पहुंचा। वहां ईमीलाल नहीं मिला, जबकि उसकी पत्नी मोनिका ने कथित तौर पर कहा कि ना हमारे पास जमीन है और ना ही पैसे लौटाने के लिए। हमें तो आपसे ठगी करनी थी, सो कर ली। उन्हें धमकी भी दी गई कि दोबारा ढाणी पर आने पर अंजाम अच्छा नहीं होगा। मामले में रावतसर थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई जसवंत सिंह स्वामी को सौंपी है।

 

About The Author

Related Posts