Hanumangarh: ‘बेखौफ होकर नशा बेच रहे तस्कर’! राजनीतिक संरक्षण के चलते नहीं कोई पुलिस कार्रवाई का डर!
गांव जण्डावाली के युवाओं का आरोप, सख्त कार्रवाई की मांग
Drugs Smuggling: हनुमानगढ़। गांव जण्डावाली के युवाओं ने जुआ-सट्टा, चिट्टा, स्मैक, मेडिकल नशा आदि के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग जिला पुलिस से की है। गुरुवार को ग्रामीणों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हरी शंकर को ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायत जण्डावाली के युवाओं ने कहा कि उनके गांव में सट्टा, मेडिकल नशा, चिट्टा, स्मैक, नशीली गोलियों एवं कैप्सूल, पोस्त आदि का कारोबार खुलेआम चल रहा है। गांव में तस्कर बेखौफ होकर नशा बेच रहे हैं। इन लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। इसके दम पर बेधड़क होकर यह दिन-रात इस कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। Hanumangarh News
इसकी जानकारी कई बार पुलिस को दी गई लेकिन फिर भी इनके खिलाफ कानूनी कारवाई नहीं हुई। इस समस्या से पूरे गांव के लोग परेशान हैं। हर दूसरे दिन गांव में चोरी या नशा करने के आदी किसी युवा के मरने की खबर मिलती है। जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा ने कहा कि युवाओं को नशे में धुत्त देखकर मन को काफी ठेस पहुंचती है। अक्सर देखा गया है कि नशा करने के बाद नशे में धुत्त व्यक्ति चोरी-डकैती जैसी आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। इस कारण अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। लेकिन पुलिस नशे का कारोबार करने बाले बड़े मगरमच्छों को हाथ नहीं लगाती।
सिस्टम सुधर जाए तो सब कुछ ठीक हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई कि इस समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और विशेष टीम गठित कर नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर जयराम ढूकिया, यश चिलाना, आमिर खान, सर्वजीत सिंह, स्वराज सिंह, हरीश, अंग्रेज सिंह, भूपेन्द्र कुमार, पंकज कुमार, जयप्रकाश, मोहम्मद तुफैल, रविन्द्र, सुरेन्द्र सहित कई युवा मौजूद रहे। Hanumangarh News
Drugs smugglers Arrested: ड्रग्स तस्करी करते हुए 3 आरोपी काबू