पानी की बारी को लेकर बुजुर्ग किसान पर हमला

कस्सी मारकर किया घायल, तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। खेत में पानी की बारी को लेकर हुए विवाद में 75 वर्षीय बुजुर्ग किसान के साथ मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जिला चिकित्सालय में भर्ती चक 9 आरपी निवासी 75 वर्षीय चिराग मोहम्मद पुत्र शक मोहम्मद उर्फ इशाक मोहम्मद ने पर्चा बयान में बताया कि वह खेती करता है तथा उसके खेत की पानी की बारी 27 मई की रात 11 बजे से 2.10 बजे तक की थी। वह असकर अली के खेत से होकर अपने खेत का पानी तोड़ता है। चिराग मोहम्मद ने बताया कि 27 मई की रात करीब 11 बजे वह पानी तोड़ने के लिए खाला पर पहुंचा तो वहां रसीद पुत्र असकर अली और इमदाद पुत्र असकर अली मौजूद थे। Hanumangarh News

आरोप है कि दोनों ने उसे पानी नहीं तोड़ने दिया। इसी दौरान इमदाद ने उसके थप्पड़ मारा, जबकि रसीद ने कस्सी से उसके सिर पर वार कर दिया। शोर सुनकर असकर अली भी मौके पर पहुंच गया और तीनों पिता-पुत्रों ने उसके साथ थाप-मुक्कों से मारपीट की। घायल चिराग मोहम्मद ने बताया कि उसके चिल्लाने पर उसकी पुत्रवधू इमना पत्नी अजूब मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। सिर से खून बहने पर उसे पहले रावतसर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय चिकित्सालय टाउन रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई जसवंत सिंह को सौंपी है। Hanumangarh News

घर में घुसकर युवक पर हमला, धारदार हथियारों से मारपीट का आरोप

हनुमानगढ़। घर में घुसकर युवक पर धारदार हथियारों से हमला करने और वाहनों में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 3, लखूवाली निवासी 60 वर्षीय उम्मेद खां पुत्र सुल्तान खां ने रिपोर्ट दी कि 27 मई की रात करीब 9.30 बजे उसका पुत्र सद्दाम हुसैन अपने ताऊ के लड़के रज्जब अली के घर मिलने गया था।

जैसे ही वह घर के बाहर बाखल में पहुंचा, तभी साहबराम पुत्र यासीन, दिलावर पुत्र जाकिर हुसैन, सहजाद पुत्र नूरजमाल, लब्बा पुत्र यूसुफ अली, माफिया पत्नी रज्जब अली, सैदा पत्नी साहबराम, अरमान पुत्र जुम्मे खां सहित 4-5 अन्य लोग हथियारों और लाठियों के साथ जबरन घर में घुस आए। साहबराम के हाथ में कापा और दिलावर के पास गंडासी थी। सद्दाम हुसैन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो साहबराम ने जान से मारने की नीयत से कापे से हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को धमकाया, बाहर खड़ी बोलेरो और स्कॉर्पियो में की तोड़फोड़

बचाव में हाथ ऊपर करने पर सद्दाम के दाहिने हाथ की दो अंगुलियों में चोट आई। वहीं दिलावर ने गंडासी के उल्टे हिस्से से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर इश्मा बीबी, साजिर सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद हजूर अली, शकील, मुस्ताक, सफल मल्लूक और ताहिर हुसैन भी वहां आ गए। लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से निकल गए।

जाते समय आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर और स्कॉर्पियो के शीशे व अन्य हिस्से हथियारों और लाठियों से तोड़ दिए, जिससे दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। घायल सद्दाम हुसैन को उपचार के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय टाउन में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई किशोर सिंह को सौंपी है।

About The Author

Related Posts