सीएम गहलोत ने जरूरतमंद लोगों को बांटे कम्बल

Published On

जयपुर (एजेंसी)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नए वर्ष के अवसर पर राजधानी जयपुर में रैन बसेरे में जरूरतमंद लोगों को कम्बल वितरित किए। गहलोत ने शनिवार रात रामनिवास बाग के पीछे बने नगर निगम के अस्थायी रैन बसेरे में जरूरतमंद लोगों को कम्बल बांटे और उन्होंने रैन बसेरे में मौजूद लोगों से बड़ी आत्मीयता से बात की और उनके हालचाल पूछे। उन्होंने उपचार के लिए जयपुर आए और रैन बसेरे में रह रहे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र तथा अन्य राज्यों के रोगियों एवं उनके परिजनों से बातचीत की। रोगियों एवं उनके परिजनों ने बताया कि राजस्थान में चिकित्सा सुविधाएं बेहतर हैं। वे यहां मिले उपचार से संतुष्ट हैं।

प्रदेश के कुछ रोगियों ने मुख्यमंत्री को चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इस योजना से उनका नि:शुल्क उपचार संभव हो सका है। मुख्यमंत्री ने रैन बसेरे में रह रहे महाराष्ट्र के रामावतार को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा को निर्देश दिए। इस अवसर पर जलदाय मंत्री महेश जोशी, विधायक रफीक खान, दोनों निगमों के महापौर आदि मौजूद थे।

गहलोत ने लौटते समय बिड़ला मन्दिर के बाहर ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनके ड्यूटी समय एवं अन्य दायित्वों के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को उनकी समस्याओं के निराकरण के निर्देश भी दिए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts