तेंदुए के हमले से पुजारी की मौत, अब तक हुई 6 मौतें, उदयपुर में मचा हड़कंप

Published On

उदयपुर (एजेंसी)। राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए के हमले में मंदिर के पुजारी की मौत हो गई। इस क्षेत्र में पिछले 15 दिन में तेंदुए के हमले में हुई यह छठी मौत है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के राठोडों का गुडा में गत रात्रि मंदिर में सो रहे पुजारी विष्णु महाराज को दबोच कर जंगल में ले गया। घटना की सूचना लोगों को सुबह मिलने पर पुलिस एवं वन विभाग के कार्मिकों के साथ विष्णु महाराज की तलाश की तो मदिर से करीब 300 मीटर दूर जंगल में उसका क्षत विक्षत शव बरामद हुआ।

पुलिस ने शव कोे कब्जे में लेकर गोगुन्दा सामुदायिक चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया है। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बना हुआ है। तेंदुए ने गत 18 सितम्बर को मवेशी चराने गयी किशोरी कमला का पहला शिकार किया था। इसके बाद लगातार आदमखोर तेंदुआ शिकार कर रहा है और गत रात्रि विष्णु महाराज उसका छठा शिकार बने हैं।
वन विभाग द्वारा पिंजरे लगाकर तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे है और अब तक चार तेंदुए पिंजरे में आ चुके है लेकिन आदमखोर तेंदुआ अब भी पिंजरे से बाहर है और लगातार इंसानों को शिकार बना रहा है। तेंदुए के लगातार इंसानों को शिकार करने की घटना से क्षेत्र में भारी दहशत का माहौल है और लोग डर के मारे घरों से अकेले बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा रहे है। प्रशासन की ओर से भी क्षेत्रवासियों को सूचित किया गया है कि वह अपने घरों से अकेले बाहर नहीं निकले और सावधान रहें।

About The Author

Related Posts