Rajasthan Heatwave Alert: राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, बाड़मेर का पारा 48 डिग्री पार

मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर जारी किया कई जिलों में अलर्ट

Manmohan Picture
Published On

Rajasthan Weather Update: जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। Rajasthan Heatwave Alert

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आगामी दिनों में तापमान में विशेष राहत मिलने की संभावना नहीं है। विशेष रूप से जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले चार से पांच दिनों तक तीव्र उष्ण लहर और गर्म रातों का दौर जारी रहने की आशंका व्यक्त की गई है। वहीं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक गर्मी के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लंबे समय तक धूप में रहने वाले या भारी शारीरिक श्रम करने वाले लोगों में लू और निर्जलीकरण का खतरा बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त तीव्र गर्मी का असर कृषि क्षेत्र पर भी दिखाई देने लगा है। कई जिलों में फसलों और सब्जियों पर उष्मागत तनाव की स्थिति बनने की आशंका है। पशु-पक्षियों और वन्य जीवों पर भी गर्मी का प्रभाव पड़ सकता है। Rajasthan Heatwave Alert

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, छायादार स्थानों पर रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। शरीर में पानी की कमी रोकने के लिए ओआरएस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे पेयों का सेवन करने की भी सलाह दी गई है।

किसानों को सुझाव दिया गया है कि वे फसलों की सिंचाई सुबह या शाम के समय करें तथा पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए उचित छाया और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। हालांकि आगामी 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। इससे कुछ क्षेत्रों में अस्थायी राहत मिल सकती है। Rajasthan Heatwave Alert

About The Author

Ad Ad Ad

Related Posts