मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना: आज पंजीकरण करवायें, 1 अगस्त से लाभ पायें

Published On

31 जुलाई के बाद पंजीकरण पर तीन माह बाद नवंबर से लाभ | Chiranjeevi Yojana

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chiranjeevi Yojana: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का अगस्त माह से लाभ लेने के लिए पंजीयन करवाने के लिए अब अंतिम एक पखवाड़ा शेष है। इस माह 31 जुलाई तक पंजीकरण नहीं करवाने वाले परिवारों को योजना का लाभ लेने के लिए तीन माह का इंतजार करना पड़ेगा। योजना में जिले के वंचित परिवार एसएसओ आईडी, ई-मित्र या महंगाई राहत शिविरों के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं, ताकि 1 अगस्त से योजना का लाभ मिल सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी चाहर ने बताया सरकार की मंशा है कि अधिकाधिक जन इस योजना में पंजीयन करवा कर आगामी दिनों में इलाज के भारी-भरकम खर्च और चिंताओं से मुक्त हो। योजना में पंजीयन करवाने के बाद उन्हें व परिवारजनों को 25 लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज मिल सकेगा। साथ ही 10 लाख रुपए तक का चिरंजीवी दुर्घटना बीमा भी निशुल्क मिलेगा।

सीएमएचओ डॉ. चाहर ने बताया कि योजना में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, सामाजिक-आर्थिक जनगणना-2011, लघु एवं सीमांत किसान, संविदा कर्मियों तथा कोविड-19 अनुग्रह राशि प्राप्त करने वाले निराश्रित एवं असहाय परिवारों के लिए बीमा का प्रीमियम सरकार वहन कर रही है, ऐसे परिवारों का पंजीकरण स्वत: ही हो रहा है। अन्य सभी परिवार मात्र 850 रुपए प्रीमियम जमा करवाकर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। ऐसे परिवारों को 31 जुलाई तक पंजीकरण करवा लेना चाहिए ताकि एक अगस्त से लाभ मिल सके, क्योंकि इसके बाद नियमानुसार तीन माह बाद यानी नवंबर से लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि कई बार परिवार का पंजीकरण नहीं होने और बीमारी या दुर्घटना होने की स्थिति से परिवार निशुल्क उपचार से वंचित हो जाते हैं और बड़ा आर्थिक नुकसान होता है। इसलिए जरूरी है कि पंजीकरण करवाया जाए।

यह भी पढ़ें:– Tree Plantation: पौधारोपण कर मनाया जन्मदिन

About The Author

Related Posts