बेटे ने पिता पर ईंट से किया हमला, कंधे में फ्रैक्चर
परिवार पर प्रताड़ना के आरोप, सदर थाना में मामला दर्ज
हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के गांव 28 एलएलडब्ल्यू में एक वृद्ध पिता पर उसके बेटे की ओर से ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल वृद्ध ने अपने परिवार पर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और भोजन तक नहीं देने के आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार 68 वर्षीय अमरजीत सिंह पुत्र चंदा सिंह रामदासिया निवासी 28 एलएलडब्ल्यू ने सदर थाना में रिपोर्ट दी कि उसके दो बेटे हैं। बड़े बेटे लक्ष्मण सिंह ने करीब 10 वर्ष पहले उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसमें उसकी जान मुश्किल से बची थी। वर्तमान में बड़ा बेटा अलग रहता है, जबकि छोटा बेटा जगजीत सिंह, उसकी पत्नी हरप्रीत कौर तथा अमरजीत सिंह की पत्नी हरपाल कौर एक ही घर में रहते हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि परिवार के लोग रोजाना उसके साथ झगड़ा और मारपीट करते हैं तथा उसे खाना तक नहीं देते। रिपोर्ट के अनुसार 10 मई को सुबह परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर उसके साथ झगड़ा किया, जिसके बाद वह जान बचाकर घर से निकल गया। अमरजीत सिंह ने बताया कि दिनभर भूखा-प्यासा रहने के बाद वह रात को गांव 28 एलएलडब्ल्यू बस स्टैंड स्थित एक होटल पर सो गया। रात करीब 11 बजे उसका छोटा बेटा जगजीत सिंह वहां पहुंचा और सोते समय उस पर ईंट से हमला कर दिया।
आरोप है कि बेटे ने जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। हमले में अमरजीत सिंह के सिर, हाथ, बाजू, छाती और कंधे पर चोटें आईं तथा कंधे में फ्रैक्चर हो गया। बाद में बूटा सिंह पुत्र करनैल सिंह ने एंबुलेंस की सहायता से उसे टाउन के सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार चला। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक शैतानाराम को सौंपी गई है। Hanumangarh News