Bhopa: भाजपा नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहल उठा गांव

Published On

Bhopa (राहुल कुमार प्रजापति) आधी रात को बाईक सवार नकाबपोश बदमाशों ने प्रसिद्ध भाजपा नेता व ग्राम प्रधान के घर पर धावा बोलकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गये। ढाई मिनट तक की गयी फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ किन्तु खिडकियों के शीशे टूट गये तथा दीवारों का प्लास्टर टूट गया। muzaffarnagar news

घर पर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बदमाशों से डरकर चारपाई के नीचे घुस गयी तो परिवार के सदस्य खौफजदा हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी की है। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना कैद हो गयी है। पूर्व प्रधान व वर्तमान में प्रधान ससुर मेनपाल सिंह ने तीन व्यक्तियों को नामजद करते हुए तीन अज्ञात के विरूद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

  • भयभीत होकर चारपाई के नीचे जा छिपी पुलिस
  • ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ने दी आन्दोलन की चेतावनी

भोपा थाना क्षेत्र के गांव सिकन्दरपुर के पूर्व प्रधान व भाजपा नेता मैनपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि गांव के ही एक परिवार से उनकी रंजिश चली आ रही है। गुरूवार को गांव के ही व्यक्ति उसके खिलाफ हत्या की साजिश रच रहे थे, जिसकी सूचना थाने में दी गयी। शाम के समय आरोपियों द्वारा उसके मकान की रैकी की गयी। रात के दो बजे गांव के ही तीन युवक तीन अज्ञात के साथ दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये और मैनपाल के मकान पर अंधाधुंध फायरिंग की। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। Bhopa

ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर बदमाश फरार हो गये। शुक्रवार को मौके पर पहुंचे एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने घटना को गम्भीर बताते हुए कहा कि तत्काल संज्ञान लेकर अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर तीन टीमों का गठन किया गया है। घटना की विस्तृत व सघन जांच की जा रही है। भाजपा किसान मोर्चा के नेता अमित राठी ने बताया कि ग्राम प्रधान का परिवार दहशत में है।

उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया है। पुलिस की बडी लापरवाही है, जो बेहद शर्म की बात है। जानकारी के बावजूद निहत्थी पुलिस मकान पर मौजूद थी। ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र प्रधान ने पुलिस की मौजूदगी में ग्राम प्रधान के मकान पर फायरिंग हुई है। पुलिस की मौजूदगी में भी नागरिक सुरक्षित नहीं है। पुलिस शीघ्र बदमाशों की गिरफ्तारी करे। अन्यथा संगठन बडे स्तर पर आन्दोलन करेगा।

20 वर्षों से लाईसेंस के लिए भटक रहा प्रधान परिवार

पूर्व प्रधान मैनपाल सिंह ने बताया कि वर्ष 2003 में उनके सगे भाई ओमपाल व गांव के महिपाल का अपहरण हत्या कर दी गयी थी। उस समय दोनों मोरना मिल में गन्ना डालकर लौट रहे थे। तभी से वह शस्त्र लाईसेंस बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। वह पिछली बार के ग्राम प्रधान हैं। इस बार उनकी पुत्रवधू कोमल ग्राम प्रधान है। गांव का ही परिवार उनसे राजनैतिक रंजिश रखता है। इस घटना के बाद परिवार के सदस्य भयभीत हैं। मौके से लगभग 35 खोखे बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाशों के इरादे कितने खतरनाक थे। Bhopa

गोलियां चलती रहीं कांच टूटता रहा

फायरिंग की आवाज के साथ खिडकियों का कांच टूटकर गिर रहा था, जिससे तेज आवाज हो रही थी। आसपास के ग्रामीण घरों की छतों से ये मंजर देख रहे थे। उस समय मैनपाल के अलावा घर में उनकी पत्नी मनोज, ग्राम प्रधान कोमल व उनके पति मोहित, बच्चे देवांश, देवांशी व मैनपाल के दूसरे पुत्र रोहित तथा पिता राजपाल सहित कांस्टेबल विनोद व होमगार्ड सचिन मौजूद थे।

मिसाइल मैन अब्दुल कलाम साहब का जीवन देश के हर युवा के लिए प्रेरणास्पद: डॉ सपना श्रीवास्तव

About The Author