क्या कोरोना से जंग जीतने के करीब है भारत, सक्रिय मामलों में आई गिरावट
सक्रिय मामलों की दर 1.30 प्रतिशत पर
- दिल्ली में 10 महीने बाद कोरोना से मौतों का सिलसिला थमा
नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 11,067 नये मामले सामने आने के बावजूद संक्रमणमुक्त होने वालों का आंकड़ा अपेक्षाकृत अधिक रहने से सक्रिय मामलों में दूसरे दिन भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा और ये घटकर 1.30 प्रतिशत रह गये। इस बीच देश में अब तक 66 लाख 11 हजार 561 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ आठ लाख 58 हजार से अधिक हो गया है। इसी दौरान 13,087 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ पांच लाख 61 हजार 608 हो गयी है।
वहीं सक्रिय मामले 2,114 घटकर 1,41,511 रह गये। इस अवधि में 94 मरीजों की मौत हो गयी और मृतकों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख 55 हजार 252 हो गया। देश में रिकवरी दर अभी 97.27 और सक्रिय मामलों की दर 1.32 तथा मृत्युदर 1.43 फीसदी है। इस बीच राजधानी दिल्ली से अच्छी खबर मिली कि 10 महीने बाद कोरोना से मौतों का सिलसिला थमा और पिछले 24 घंटों के दौरान इससे किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई।
दिल्ली:-
सक्रिय मामले घटकर 1052 रह गये और मृतकों की संख्या 10,882 पर बनी रही। राजधानी में अब तक 6.24 लाख से अधिक मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।
केरल : इस दौरान 1280 सक्रिय मामले घटे और सर्वाधिक 6475 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामले अब 64,390 रह गये हैं, वहीं कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9.09 लाख हो गया है जबकि 19 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 3902 हो गयी है। सक्रिय मामलों में केरल अभी पहले स्थान पर है।
महाराष्ट्र:-
पिछले 24 घंटों में 74 सक्रिय मामले घटे और इनकी संख्या अब 35,917 रह गयी है। वहीं 2554 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 19.61 लाख हो गयी है जबकि 35 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51,360 हो गया है।
कर्नाटक: कोरोना के सक्रिय मामले 149 घटकर 5804 रह गये हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12,241 हो गया है तथा अब तक 9.25 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं।
तेलंगाना: सक्रिय मामले घटकर 1797 रह गये हैं और 1613 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.92 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।
पश्चिम बंगाल:-
कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 4496 रह गये हैं और 10,215 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 5.56 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं।
तमिलनाडु : सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4328 रह गयी है तथा अभी तक 12,391 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 8.26 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं।
छत्तीसगढ़: सक्रिय मामले 18 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 4172 हो गयी है। राज्य में तीन लाख से अधिक लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं, वहीं दो और लोगों की इस महामारी के संक्रमण से मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 3746 हो गयी है।
उत्तर प्रदेश:-
सक्रिय मामले कम होकर 3306 रह गये हैं। वहीं इस महामारी से 8691 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 5.89 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं।
गुजरात: सक्रिय मामले घटकर 2040 रह गये हैं तथा 4397 लोगों की मौत हुई है और 2.57 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
पंजाब : सक्रिय मामले घटकर 2077 रह गये हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.67 लाख से अधिक हो गई है जबकि 5661 मरीजों की जान जा चुकी है।
मध्य प्रदेश: सक्रिय मामले 1987 रह गये हैं तथा अब तक करीब 2.51 लाख लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3825 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।
आंध्र प्रदेश :-
सक्रिय मामले कम होकर 917 रह गये हैं। वहीं 115 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 8.80 लाख से अधिक हो गयी है जबकि 7160 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। बिहार में सक्रिय मामले 118 बढ़कर 500 हो गये हैं। राज्य में कोरोना से 1518 लोगों की मौत हुई है जबकि 2.59 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हो चुके हैं।
कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 3033, राजस्थान में 2774, जम्मू-कश्मीर में 1944, ओडिशा में 1910, उत्तराखंड में 1673, असम में 1086, झारखंड में 1078, हिमाचल प्रदेश में 987, गोवा में 774, पुड्डुचेरी में 655, त्रिपुरा में 391, मणिपुर में 373, चंडीगढ़ में 342, मेघालय में 148, सिक्किम में 135, लद्दाख में 130, नागालैंड में 88, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में नौ तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।