2027 चुनाव को लेकर भागीदारी पार्टी सक्रिय

Published On

26 फरवरी को खतौली में वंचित-शोषित एकता रैली

  • खतौली में भागीदारी पार्टी की शक्ति प्रदर्शन रैली, 2027 चुनाव की तैयारियों को मिली रफ्तार

खतौली (सच कहूँ न्यूज़)। Khatauli News: आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जानसठ स्थित डाक बंगले में भागीदारी पार्टी द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव पूर्व राज्यमंत्री डॉ. महेश चंद्र प्रजापति ने संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को खतौली के जानसठ रोड स्थित श्रीराम गार्डन (लाडपुर) में पार्टी का पांचवां स्थापना दिवस तथा महान साहित्यकार महात्मा संतराम बी.ए. की जयंती के अवसर पर वंचित-शोषित एकता रैली आयोजित की जाएगी। रैली की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ओमप्रकाश राजभर उपस्थित रहेंगे। Khatauli News

वहीं डॉ. प्रजापति ने कहा कि जो समाज अपने महापुरुषों के इतिहास को नहीं जानता, वह प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि पार्टी कुम्हार समाज सहित अति पिछड़े और वंचित वर्ग के महापुरुषों के इतिहास को सामने लाने का कार्य कर रही है। साथ ही पश्चिमांचल क्षेत्र में संगठन विस्तार तेज होने का दावा करते हुए उन्होंने वर्ष 2026 के क्षेत्र पंचायत चुनाव को सेमीफाइनल बताते हुए 1000 प्रधान, बीडीसी तथा 200 जिला पंचायत सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

डॉ. प्रजापति ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश की 125 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, जिनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं। उन्होंने अन्य दलों पर अति पिछड़ों और अति दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जो दल इन वर्गों को उचित हिस्सेदारी देगा, वही सत्ता में आएगा। प्रेस वार्ता में पश्चिमांचल प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र प्रजापति सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Related Posts