ज्येष्ठ अमावस्या पर यमुना स्नान को उमड़े श्रद्धालु, एसडीएम ने परखी व्यवस्था

सुरक्षा-व्यवस्था के दृष्टिगत यमुना नदी पर तैनात रहे प्राइवेट गोताखोर व भारी पुलिस बल

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: ज्येष्ठ माह की अमावस्या के अवसर पर यमुना नदी में यूपी-हरियाणा से आए हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख-समृद्धि की भी कामना की गई। वहीं, एसडीएम ने यमुना घाट का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शनिवार को ज्येष्ठ माह की अमावस्या पर स्नान के चलते श्रद्धालु सुबह से ही यमुना नदी पर पहुंचने शुरू हो गए थे। यूपी-हरियाणा से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यमुना घाट पर विशेष पूजा-अर्चना की तथा परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में स्नान करते हुए आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने यमुना किनारे स्थित प्राचीन मंदिरों के भी दर्शन किए। पंडित मनोज नौटियाल ने बताया कि ज्येष्ठ माह में पड़ने वाली अमावस्या को बड़ अमावस्या या वट सावित्री भी कहा जाता है। ज्येष्ठ माह में शनिवार के दिन अमावस्या का होना एक दुर्लभ संयोग है। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए बरगद(बड़) के पेड़ की पूजा कर व्रत रखती हैं।

इस दिन पितरों की शांति, स्नान-दान और शनि जयंती का विशेष महत्व होता है। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन के द्वारा प्राइवेट गोताखोर भी तैनात किए गए थे। वहीं, स्नान के मद्देनजर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव भी यमुना नदी पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु की गई व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को सजग रहकर अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सतीश यादव, यमुना ब्रिज चौकी प्रभारी एसआई अखिलेश कुमार, एसआई यशपाल सोम आदि मौजूद रहे। उधर, एसडीएम ने बताया कि यमुना स्नान सकुशल व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया है।

Kairana News (2)

About The Author

Ad Ad

Related Posts