Health News: उम्र बढ़ने के साथ पेशाब संबंधी समस्याओं को हल्के में न लें: डॉ. प्रदीप जैन

प्रोस्टेट बढ़ने की समस्या का समय पर उपचार जरूरी, आधुनिक उपचार विधियों से बिना बड़ी सर्जरी भी संभव राहत

Sarvesh Kumar Picture
Published On

बड़ौत (सच कहूँ/डॉ संदीप कुमार दहिया)। Health News: नगर के अक्षय नर्सिंग होम के प्रबंध निदेशक एवं प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ पुरुषों में होने वाली पेशाब संबंधी समस्याओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बार-बार पेशाब आना, पेशाब शुरू करने में दिक्कत होना, पेशाब की धार कमजोर पड़ना या रात में कई बार टॉयलेट जाना प्रोस्टेट ग्रंथि के बढ़ने के संकेत हो सकते हैं। डॉ. प्रदीप जैन ने बताया कि 50 वर्ष की उम्र के बाद पुरुषों में बेनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (बीपीएच) की समस्या काफी सामान्य हो जाती है।

ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और झिझक के कारण अधिकांश लोग समय पर चिकित्सकीय सलाह नहीं लेते, जिससे बाद में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रोस्टेट पुरुषों में मूत्राशय के नीचे स्थित एक छोटी ग्रंथि होती है, जिसका आकार उम्र बढ़ने के साथ बढ़ सकता है। इसके कारण पेशाब की नली पर दबाव पड़ता है और मूत्र का सामान्य प्रवाह प्रभावित होने लगता है। ऐसे में मरीज को बार-बार पेशाब आना, अचानक तेज पेशाब लगना, पेशाब करते समय जोर लगाना, मूत्राशय पूरी तरह खाली न होने का एहसास तथा पेशाब रुक-रुक कर आने जैसी समस्याएं होने लगती हैं।

डॉ. जैन ने बताया कि यदि समय रहते उपचार न कराया जाए तो स्थिति गंभीर होकर पेशाब पूरी तरह बंद होने, बार-बार संक्रमण होने, मूत्राशय संबंधी रोग तथा किडनी पर दबाव जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है। हालांकि शुरुआती अवस्था में दवाओं और उचित परामर्श से कई मरीजों को बिना सर्जरी के भी राहत मिल जाती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में प्रोस्टेट बढ़ने के इलाज के लिए कई आधुनिक और कम जोखिम वाली उपचार तकनीकें उपलब्ध हैं। इनमें रिज़म तकनीक के माध्यम से भाप चिकित्सा द्वारा बढ़े हुए प्रोस्टेट ऊतक को छोटा किया जाता है। वहीं यूरोलिफ्ट प्रक्रिया में प्रोस्टेट ऊतक को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाता है कि पेशाब की नली पर दबाव कम हो सके। इसके अलावा आईटिंड तकनीक के माध्यम से बिना बड़ी सर्जरी के यूरिन फ्लो को बेहतर बनाया जाता है। डॉ. प्रदीप जैन ने पुरुषों से अपील की कि पेशाब संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर झिझक छोड़कर तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं, ताकि समय रहते उचित उपचार लेकर स्वस्थ जीवन जिया जा सके।

Health News

About The Author

Related Posts