अब एसपी की शरण में पहुंचा भाजपा नेता, कार्यवाही की गुहार
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कण्डेला मंडलाध्यक्ष को सता रहा झूठे मुकदमें में फंसाए जाने का डर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कण्डेला मंडलाध्यक्ष फारुख चौधरी ने अब पुलिस अधीक्षक शामली का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने साजिश के तहत झूठे मुकदमें में फंसाए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए एसपी से कार्यवाही की गुहार लगाई है। फारुख चौधरी, इससे पूर्व सम्पूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ को पत्र देकर एक व्यक्ति पर रंजिशन षड्यंत्र रचने का आरोप लगा चुका है।
सोमवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कण्डेला मंडलाध्यक्ष फारुख चौधरी एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह के शामली स्थित कार्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसपी को एक शिकायती-पत्र सौंपा। बताया कि उसका एक घेर झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मंसूरा में स्थित है। वहां पर उसका भाई अलीशान व परिवार के अन्य सदस्य रह रहे है। आरोप है कि गांव मंसूरा निवासी एक व्यक्ति उससे व उसके परिवार से रंजिश रखता है। विगत 17 अप्रैल को उक्त व्यक्ति दीवार कूदकर उसके भाई के घेर में घुस आया और वहां पर मादक पदार्थ स्मैक रखकर चला गया। इसके बाद, आरोपी ने पुलिस को फोन करके सूचना दे दी। आरोपी के फोन के पश्चात झिंझाना पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से स्मैक बरामद करते हुए उसके भाई को पकड़ लिया। पुलिस ने घेर से बरामद स्मैक की मात्रा 500 ग्राम बताई।
भाजपा नेता का कहना है कि पूरा प्रकरण घेर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है, परन्तु इसके बावजूद भी पुलिस स्मैक रखने वाले आरोपी को गिरफ्तार नही कर रही है। बल्कि आरोपी की गिरफ्तारी का झूठा आश्वासन देकर उसे लगातार टाला जा रहा है। पत्र में आरोप है कि आरोपी गांव में खुला घूम रहा है और किसी भी वारदात को अंजाम दे सकता है। पत्र में आरोपी के एक पार्टी विशेष से जुड़ा होने की भी बात कही गई है। भाजपा नेता ने आरोपी पर उसे व उसके परिवार के सदस्य को फर्जी मुकदमें में फंसाने की आशंका व्यक्त की है। पत्र में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके सख्त कार्यवाही किये जाने हेतु सम्बंधित अधिकारी को आदेशित करने का अनुरोध किया गया है।