यूपी विधानसभा चुनाव : गंगोह से नोमान मसूद और चरथावल से सलमान सईद होंगे बसपा उम्मीदवार

Published On

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिये बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की चरथावल सीट से सलमान सईद और गंगोह सीट से नोमान मसूद को उम्मीदवार घोषित किया है। सईद कांग्रेस और नोमान रालोद छोड़कर बसपा में शामिल हुए हैं। बसपा की अध्यक्ष मायावती ने वीरवार को दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता देने की जानकारी देते हुए उनकी उम्मीदवारी पर मंजूरी की मुहर लगाई। मायावती ने सोशल मीडिया पर बताया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री सईदुज्जमाँ के बेटे सलमान सईद ने 12 जनवरी को उनसे मुलाकात की। इसके बाद सईद को बसपा में शामिल करते हुए उन्हें मुजफ्फरनगर जिले की चरथावल विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार बनाया गया।

मायावती ने ट्वीट कर कहा, ‘मुजफ्फरनगर जिले के उप्र के पूर्व गृहमंत्री रहे सईदुज्जमाँ के बेटे सलमान सईद ने 12 जनवरी को बसपा प्रमुख से देर रात मुलाकात की व कांग्रेस छोड़कर बसपा में शामिल हो गए। सईद को बसपा ने चरथावल विधानसभा की सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘इनके साथ ही, सहारनपुर जिले के पूर्व केन्द्रीय मंत्री रशीद मसूद के भतीजे एवं इमरान मसूद के सगे भाई नोमान मसूद भी कल लोकदल छोड़कर, बसपा में शामिल हो गए। बसपा प्रमुख ने इनको गंगोह विधानसभा की सीट से अपनी पार्टी का उम्मीदवार भी बनाया है।’ गौरतलब है कि इमरान मसूद ने भी कांग्रेस छोड़ कर समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने की घोषणा कर दी है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts