Lucknow : भारी बारिश में दीवार ढहने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत, दो घायल

Published On

लखनऊ (सच कहूँ न्यूज)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते 24 घंटों से हो रही बारिश के दौरान शुक्रवार को सुबह कैंट स्थित दिलकुशा इलाके में एक दीवार के गिरने से 09 लोगों की मौत हो गयी और 02लोग घायल हुए है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख प्रकट कर जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश देते हुए घायलों के समुचित उपचार का प्रबंध करने के निर्देश दिये हैं। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत सहायता कोष से चार चार लाख रुपये देने की घोषणा की गयी है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने दुर्घटनास्थल पर पहुंच कर घटनास्थल पर शुरू किये गये राहत कार्यों का जायजा लिया।

गंगवार ने बताया कि यह दुर्घटना कल रात से हो रही बारिश के कारण निमार्णाधीन दीवार के गिरने से हुई। इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत होने और 02 के घायल होने की पुष्टि हुयी है। घायलों को सिविल हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने घायलों की स्थिति को खतरे के बाहर बताया है। गंगवार ने सिविल हास्पिटल में घायलों का हाल-चाल लेकर डॉक्टरों को घयालों के बेहतर उपचार के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

दीवार गिरने से हुई दुर्घटना पर योगी ने दुख व्यक्त किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में तेज बारिश के दौरान शुक्रवार को एक दीवार गिरने से नौ लोगों की मौत होने और दो अन्य के घायल होने की घटना पर संज्ञान लेते हुए इस दुर्घटना में हताहत हुए लोगों को उपचार एवं अन्य सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में योगी ने इस घटना में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश देते हुए द्रुत गति से राहत एवं बचाव कार्य करने को कहा।

योगी ने राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 4 -4 लाख रुपये की राहत राशि देने एवं सभी घायलों का समुचित उपचार कराये जाने के निर्देश दिये हैं। गौरतलब है कि लखनऊ कैंट के दिलकुशा इलाके में एक निमार्णाधीन दीवार के गिरने से नौ लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts