पुर्तगाल भेजने का झांसा देकर सर्बिया ले जाकर युवक को किया प्रताड़ित

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

आरोपियों ने परिजनों से ठगे 12 लाख रुपये

अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। कबूतरबाज युवकों को विदेश भेजने का सपना दिखाकर (Ambala News) लाखों रुपए का चूना तो लगा ही रहे हैं। साथ ही उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी कर रहे हैं। सर्बिया में अंबाला के युवक के साथ 6 माह तक बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को 8 लाख रुपए में पुर्तगाल भेजने की बात कही थी। उन्होंने उसके परिजनों से 12 लाख भी हड़प लिए और पुर्तगाल भी नहीं भेजा। जब आरोपियों से रकम वापस मांगी तो धमकी दी।

यह भी पढ़ें:– कैथल के किसान से हुई 19 लाख की साइबन ठगी

युवक की माँ ने एसपी को शिकायत सौंप कार्रवाई की मांग की है। (Ambala News) एसपी अंबाला को सौंपी शिकायत में गांव सैन माजरा निवासी राजविंदर कौर ने बताया कि उसका पति मजदूरी करता है। उसका बेटा नवनीत सिंह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इस दौरान उनकी मुलाकात मॉडल टाउन पानीपत निवासी दलीप सिंह और रमेश कुमार से हुई। दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके एम्बेसी और विदेशों में अच्छे संबंध है और वे नवनीत को पुर्तगाल भेज देंगे। महिला ने बताया कि आरोपियों ने पुर्तगाल भेजने के लिए 8 लाख रुपए की डिमांड की।

6 माह तक बंधक बना कर रखा | Ambala News

उन्होंने 8 लाख रुपए उधार लेकर आरोपियों को दिए थे। इसके बाद एजेंट ने 25 नवंबर 2021 को उसके बेटे को पुर्तगाल की जगह सर्बिया भेज दिया। आरोप है कि यहां 6 माह तक बंधक बना कर रखा गया। मारपीट करके डराया-धमकाया गया। यही नहीं, खाने के लिए भोजन तक नहीं दिया गया। जब उन्होंने आरोपियों से बात की तो उन्होंने 4 लाख रुपए और देने की की डिमांड की। उन्होंने बेटे की जान बचाने के लिए 4 लाख रुपए और ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद भी आरोपियों ने उसके बेटे को सही नहीं रखा और न ही पुर्तगाल पहुंचाया। बल्कि सर्बिया से ही वापस डिपोर्ट हो गया। जब उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो जान से खत्म करने की धमकी देने लगे। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Related Posts