थाईलैंड की गुफा में फंसे बच्चों को बचाने के लिए बचा ‘सीमित समय’

Published On

बचाव अभियान के प्रमुख ने यह जानकारी दी

चियांग राई (Varta):

थाईलैंड के उत्तरी प्रांत चियांग राई की गुफा में पिछले दो सप्ताह से फंसे 12 बच्चों और उनके कोच को निकालने के लिए बचाव दल के पास भारी बारिश आने से पहले ‘सीमित समय’ बचा है। बचाव अभियान के प्रमुख ने शनिवार को यह जानकारी दी। बचाव अभियान के प्रमुख चियांग राई के पूर्व गर्वनर नारोंगसक ओसातानाकोर्न ने मध्यरात्रि मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “सबसे महत्वपूर्ण बिंदु यह है बारिश न जान कब फिर से शुरू हो जाए। इसलिए हमारे पास सीमित समय है।”

चेतावनी जारी

उन्होंने कहा कि वह वह खतरे को कम करना चाहते हैं। गुफा के अंदर आक्सीजन का गिरता स्तर भी ‘बड़ी चिंता’ का विषय है। शुक्रवार को बचाव अभियान के दौरान थाईलैंड के गोताखोर की मौत के बाद अभियान दल के प्रमुख ने यह चेतावनी जारी की है। बचाव अभियान में थाईलैंड की नौसेना, सेना, पुलिस और स्वयंसेवक दिन-रात बारिश के बाद गुफा में भरा पानी निकालने में जुटे हुए हैं। गुफा में फंसे फुटबॉल टीम के सदस्य बच्चों की आयु 11 से 16 बीच है। ये सभी तैरना नहीं जानते, इसलिए इन्हें गुफा के तंग, गहरे और कीचड़ भरे रास्ते में तैरना सीखाया जा रहा है।

बचाव दल के पास गुफा में फंसे बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए सीमित विकल्प हैं या तो बचाव दल बच्चों का आक्सीजन की आपूर्ति जारी रखते हुए चार महीने तक मानसून खत्म होने का इंतजार करे या फिर पहाड़ को सैंकड़ों मीटर तक काटकर उसमें सुराग बनाकर बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास करे। बच्चे 23 जून को फुटबॉल का मैच खेलने के बाद कोच के साथ गुफा देखने गये थे और बारिश के बाद गुफा में पानी भरने और प्रवेश द्वार बंद होने के बाद बच्चे गुफा में फंस गये थे।

 

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts