विश्व में कोरोना के कहर से 13.38 लाख लोगों की मौत

Published On

वाशिंगटन/रियो डि जेनेरो/नयी दिल्ली। कोरोना वायरस (कोविड-19) के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच विश्व में इससे संक्रमिताें की संख्या साढ़े पांच करोड़ के पार पहुंच गयी है और इस महामारी से अबतक 13.38 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पूरे विश्व में दर्ज किये गए कोरोना के कुल मामलों में से लगभग 48 प्रतिशत मामले अमेरिका, भारत और ब्राजील के हैं। इस महामारी से संक्रमित लोगों और मृतकों की संख्या के मामले में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: अमेरिका, भारत और ब्राजील है। इस संक्रमण से तेजी से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या के मामलों में भारत, ब्राजील और अमेरिका क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार विश्व के 190 देशों में कोरोना वायरस से अब तक 55,624,484 लोग संक्रमित हुए हैं और 13,38,100लोगों की मौत हुई है। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका इस महामारी से संक्रमितों और मृतकों के मामले में यह पहले स्थान पर है और संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों के मामले में यह तीसरे स्थान पर है। अमेरिका में अब तक 11,357,244 लोग संक्रमित हुए हैं और 248,600 मरीजों की मौत हुयी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 38,617 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या करीब 89.12 लाख के पार पहुंच गयी और स्वस्थ होने वालों की संख्या 83.35 लाख से अधिक हो गयी है, जबकि 474 और मरीजों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 130,993 हो गया। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या में 6596 कमी आने के बाद यह संख्या घटकर 446,805 रह गयी है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts