हमसे जुड़े

Follow us

19.4 C
Chandigarh
Tuesday, March 24, 2026
More
    Home अन्य खबरें कश्मीर: अनंतन...

    कश्मीर: अनंतनाग में आंतकी हमला, 5 महिलाओं समेत 7 की मौत

    Terrorists, Arrested, Amarnath Terror Attack, Lashkar E Taiba

    श्रीनगर:  कश्मीर के अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों की बस पर सोमवार रात आतंकियों ने हमला कर दिया। इसमें 5 महिलाओं समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई। 19 तीर्थयात्री जख्मी भी हुए हैं।

    मरने वालों में 5 महिलाएं हैं। हमले के शिकार 3 यात्री गुजरात, 2 दमन और 2 महाराष्ट्र के थे। ये हमला सोमवार रात करीब 8.20 बजे हुआ। हमले में 19 श्रद्धालु जख्मी हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये हमला अनंतनाग के बटेंगू इलाके में हुआ है।

    आतंकी हमले में घायल हुए श्रद्धालुओं से मिलने के लिए जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती अस्पताल पहुंचीं। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि इस हमले से कश्मीर का सिर शर्म से झुक गया है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे कायराना हमला करार दिया है। तमाम दलों ने इस हमले की निंदा की है। कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और वीएचपी ने जम्मू बंद का आह्वान किया है।

    सरकार ने किया था पुख्ता इंतजाम का दावा

    सिक्युरिटी एजेंसियों ने अमरनाथ यात्रा के आतंकी निशाने पर होने की बात कही थी और अलर्ट जारी किया था। बुरहान वानी की बरसी (8 जुलाई) से पहले कश्मीरी रेंज के आईजी मुनीर खान ने सेना और सीआरपीएफ को चिट्ठी लिखी थी कि आतंकी सौ से डेढ़ सौ यात्रियों को मारने की साजिश रच रहे हैं।

    जिसके बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दावा किया गया था। कहा गया था कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान यात्रा में उनके साथ चल रहे हैं। अमरनाथ यात्रा की सिक्युरिटी में 40 हजार जवान तैनात किए गए थे।

    बुरहान वानी की बरसी पर अलर्ट को देखते हुए 21 हजार जवान और तैनात किए गए थे। इस साल सैटेलाइट्स और ड्रोन कैमरों के जरिए भी अमरनाथ यात्रा की निगरानी की जा रही है।

    पीएम मोदी ने की हमले की निंदा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शांतिपूर्ण अमरनाथ यात्रियों पर कायरतापूर्ण हमले पर दुख जताने के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत ऐसे कायरतापूर्ण हमलों और घृणा के नापाक मंसूबों के आगे झुकने वाला नहीं है।

    पीएम ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं इस हमले के बाद कश्मीर घाटी में एक बार फिर इंटरनेट सेवा बैन कर दिया गया है।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।