भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज

Published On

पाँच राज्यों के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची पर होगी चर्चा

नई दिल्ली (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल सहित चार राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश में चुनावों को लेकर पार्टी मुख्यालय में वीरवार को दिल्ली में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो रही है। इस बैठक में चुनावी राज्यों में किन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाए, इस बात पर मंथन होगा। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इससे पूर्व दिलीप घोष और कैलाश विजयवर्गीय बैठक में भाग लेने के लिए बुधवार को दिल्ली पहुंचे। पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष के अनुसार पार्टी राज्य इकाई ने बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए शुरूआती दो चरणों में हर सीट पर औसतन चार से पांच नामों का चयन किया है। इनमें से अंतिम नाम पर फैसला केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में होगा।

60 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जाने की संभावना है। बंगाल में पहले चरण का चुनाव 27 मार्च को होगा। वहीं एक अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है। दोनों चरणों में 30-30 सीटों पर चुनाव होने हैं। दिलीप घोष ने बताया कि जिला इकाइयों से पहले दो चरणों के लिए सौ से ज्यादा नाम मिले हैं। प्रत्येक सीट के लिए 20-25 नाम रखे और उनमें से हमने प्रति सीट लगभग 4-5 नामों को शॉर्टलिस्ट किया है। नामों पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व लेगी। गौरतलब है कि बंगाल में 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच 8 चरणों में चुनाव होने वाले हैं। वहीं असम में 27 मार्च से छह अप्रैल के बीच तीन चरणों, पुडुचेरी, केरल और तमिलनाडु में एक ही चरण में छह अप्रैल को चुनाव होंगे। पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम दो मई को घोषित होंगे।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts