पीएम की सुरक्षा चूक पर संसद भवन परिसर में भाजपा सांसदों ने किया प्रदर्शन

Published On

महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने रोष किया जाहिर

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले में रोष जाहिर करते हुए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में शामिल भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर ही पंजाब की कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ इतना गंभीर खिलवाड़ किया। इन दोनों को देश से माफी मांगनी चाहिए। इस प्रदर्शन में भाजपा सांसद पी पी चौधरी, रमेश बिधूड़ी, जी वी एल नरसिम्हा , राजेंद्र अग्रवाल समेत कई सांसद शामिल हुए।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़

राजघाट पर भी भाजपा महासचिव और पंजाब के प्रभारी दुष्यंत गौतम, भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और सांसद हर्षवर्धन समेत कई नेताओं ने मोदी की सुरक्षा में हुई चूक की निंदा की और कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। गौतम ने आरोप लगाया, ‘कांग्रेस हमेशा अलगाववादियों और पाकिस्तान समर्थकों के साथ खड़ी रहती है ऐसा कांग्रेस के बड़े नेताओं के बयान से समय-समय पर जाहिर हुआ है। कांग्रेस की पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का षड्यंत्र रचा।

उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा को अपार जनसमर्थन मिल रहा है और पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है। कांग्रेस को राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में हार का भय सता रहा है इसलिए वह ओछी हरकतों पर उतर आयी है। भाजपा ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ हुई चूक की घटना को लेकर कांग्रेस के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने की रणनीति तैयार कर ली है।

कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेता अपने-अपने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राजभवन में जाएंगे और घटना पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल और उपराज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपेंगे। गुरुवार को भाजपा के कई मुख्यमंत्रियों, दिग्गज नेताओं, राष्ट्रीय और राज्य इकाई के पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों ने काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर सहित देश भर के अन्य ज्योतिलिंर्गों और अन्य प्रमुख ‘शिवालयों’ में जाकर प्रधानमंत्री की लंबी आयु की कामना करते हुए ‘महामृत्युंजय मंत्र’ का जाप किया था। पार्टी के युवा मोर्चा ने भी कल देश के सभी जिलों में मशाल रैलियां निकालकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts