मोदी और शाह भोपाल में भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ में होंगे शामिल

Published On

राज्य से कम से कम दस लाख कार्यकतार्ओं को बुलाने का लक्ष्य

भोपाल (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता महाकुंभ के जरिए राज्य विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के चुनाव अभियान की शुरूआत करेंगे। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्र तथा राज्य स्तर के अनेक नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

मोदी और श्री शाह विशेष विमान से लगभग सवा बारह बजे यहां स्टेट हैंगर पर आएंगे। वहां से वे हैलीकॉप्टर से सीधे कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान पहुंचेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों नेता लगभग तीन बजे वापस दिल्ली लौट जाएंगे। कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए यहां जंबूरी मैदान में विशाल और भव्य मंच के सा थ ही अनेक पंडाल लगाए गए हैं, जहां लाखों कार्यकर्ता आएंगे। प्रदेश भाजपा संगठन ने कार्यकर्ता महाकुंभ में पूरे राज्य से कम से कम दस लाख कार्यकतार्ओं को बुलाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए नौ विशेष ट्रेन और हजारों वाहनों की व्यवस्था की गयी है।

राजधानी की सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम

आज सुबह से ही राजधानी की सड़कों पर भाजपा कार्यकतार्ओं का हुजूम दिखायी देने लगा। पूरे शहर को श्री मोदी, श्री शाह, केंद्रीय मंत्रियों और पदाधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बैनर और पोस्टरों से पाट दिया गया है। शहर में प्रवेश करने वाले विभिन्न मार्गों पर सुरक्षा आदि की व्यवस्थाओं के साथ ही यातायात सुगम बनाए रखने के लिए यातायात परिवर्तित किया गया है। कुछ स्कूलों में भीड़ आदि के कारण अवकाश घोषित कर दिया गया है। जंबूरी मैदान और आसपास के इलाकों को प्रधानमंत्री और अन्य अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सुरक्षा दस्ता (एसपीजी) ने अपने कब्जे में ले लिया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच हजार से अधिक जवान और एक दर्जन आईपीएस अधिकारी तैनात किए गए हैं। शहर में जगह जगह सीसीटीवी कैमरों की मदद के अलावा सादे वस्त्रों में खुफिया पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गयी है।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो

About The Author

Related Posts