बाजार की हल्दी पर आंख बंद कर न करें भरोसा, इन आसान तरीकों से पहचानें असली-नकली
नकली हल्दी से बढ़ा खतरा! घर बैठे ऐसे करें असली-नकली की पहचान
Turmeric: भारतीय रसोई में हल्दी सिर्फ मसाला नहीं, बल्कि स्वाद, रंग और सेहत का अहम हिस्सा मानी जाती है। दाल-सब्जी से लेकर घरेलू नुस्खों और शादी-ब्याह की रस्मों तक इसका खूब इस्तेमाल होता है। लेकिन आजकल बाजार में मिलावटी हल्दी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश में शादी की हल्दी लगाने के बाद दूल्हा-दुल्हन के अस्पताल पहुंचने की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो गया है कि आपकी हल्दी असली है या नकली।
हल्दी में कैसे होती है मिलावट?
हल्दी को ज्यादा चमकीला पीला दिखाने के लिए उसमें कई बार खतरनाक केमिकल और आर्टिफिशियल रंग मिलाए जाते हैं। इनमें मेटानिल येलो, लेड क्रोमेट, चॉक पाउडर और खराब क्वालिटी के कच्चे पदार्थ शामिल हो सकते हैं। ये मिलावट सेहत पर गंभीर असर डाल सकती है।
नकली हल्दी से हो सकते हैं ये नुकसान
मिलावटी हल्दी खाने या त्वचा पर लगाने से कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं, जैसे—
फूड पॉइजनिंग
पेट दर्द और अपच
मतली और उल्टी
स्किन एलर्जी और रैशेज
लंबे समय में लीवर और किडनी पर असर
पानी से करें असली-नकली हल्दी की पहचान
हल्दी की शुद्धता जांचने का सबसे आसान तरीका वॉटर टेस्ट माना जाता है।
कैसे करें टेस्ट?
एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच हल्दी डालें
इसे कुछ देर बिना हिलाए छोड़ दें
अगर हल्दी नीचे बैठ जाए और पानी हल्का पीला रहे, तो हल्दी शुद्ध मानी जाती है
अगर पानी गहरा पीला हो जाए और हल्दी घुलने लगे, तो इसमें मिलावट हो सकती है
हथेली टेस्ट भी है असरदार
हथेली पर एक चुटकी हल्दी रखें
अंगूठे से 10–20 सेकंड तक रगड़ें
असली हल्दी हल्का पीला दाग छोड़ती है
नकली हल्दी का रंग अलग दिख सकता है या जल्दी फीका पड़ जाता है
मेटानिल येलो की पहचान कैसे करें?
एक टेस्ट ट्यूब में थोड़ा हल्दी पाउडर डालें और उसमें हाइड्रोक्लोरिक एसिड की कुछ बूंदें मिलाएं। अगर रंग गुलाबी हो जाए तो हल्दी में मेटानिल येलो की मिलावट हो सकती है। यह केमिकल सेहत के लिए बेहद हानिकारक माना जाता है।
चॉक पाउडर की मिलावट ऐसे पहचानें
हल्दी में पानी और हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलाने पर अगर बुलबुले बनने लगें, तो यह चॉक पाउडर की मिलावट का संकेत हो सकता है।
हल्दी खरीदते समय रखें ये सावधानियां
हमेशा भरोसेमंद ब्रांड की हल्दी खरीदें
बहुत ज्यादा चमकीले पीले रंग से सावधान रहें
पैकिंग और FSSAI मार्क जरूर देखें
खुली हल्दी खरीदने से बचें
समय-समय पर घर में हल्दी की जांच करते रहें

About The Author